श्रीरामलीला महोत्सव 2026: अग्रवन में गूंजा ‘सियावर रामचंद्र की जय’, राम विवाह की रस्मों में सजे चारों राजकुमार, उतरी नजर और सजी मेहंदी

स्थानीय समाचार

आगरा। मंगल गीतों की गूंज, हाथों में रची मेहंदी, माथे पर लगन का टीका और चारों ओर राम नाम… वॉटर वर्क्स स्थित अग्रवन सोमवार को उस समय अयोध्या नगरी में बदल गया, जब श्रीरामलीला महोत्सव 2026 के अंतर्गत प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के मेहंदी, संगीत एवं लगन समारोह का आयोजन राजा दशरथ संजय सिंघल की ओर से हुआ। प्रवेश द्वार पर विराजमान हनुमान जी से लेकर पूरे परिसर तक भक्तिमय वातावरण रहा। रघुनंदन के हाथों में जब सीता नाम की मेहंदी लगाई गई तो ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के जयघोष से अग्रवन गूंज उठा।

समारोह का शुभारंभ राजा जनक के स्वरूप अशोक गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप ने परिवार सहित राजा दशरथ के निवास पर पहुंचकर किया। शगुन की थाल लेकर पहुंचे राजा जनक का दशरथ परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत हुआ। इसके साथ ही राम विवाह की मंगल रस्मों का सिलसिला शुरू हुआ। मंगल गीतों और संगीत की धुनों के बीच वातावरण ऐसा लग रहा था, मानो त्रेतायुग की अयोध्या में रघुनंदन के विवाह की तैयारियां चल रही हों।

मां कौशल्या ने उतारी नजर, भाभी ने लगाया काजल

राम विवाह की रस्मों में पारिवारिक स्नेह और वात्सल्य भी खूब झलका। मां कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने प्रभु श्रीराम सहित चारों भाइयों की नजर उतारी। भाभी निमिषा सिंघल ने काजल लगाकर स्नेह जताया, जबकि बहन आयुषी गर्ग ने चारों भाइयों की आरती उतारकर मंगल कामना की। इन आत्मीय रस्मों ने समारोह को पारिवारिक विवाह समारोह जैसा भाव दे दिया।

चारों भाइयों के हाथों में रची मेहंदी, राम के हाथ पर लिखा सीता नाम

राजा दशरथ के परिवार की महिलाओं ने प्रभु श्रीराम सहित चारों भाइयों के स्वरूपों के हाथों में मेहंदी लगाकर शगुन किया। रश्मि, रेनू, सारिका और विनीता ने चारों भाइयों के हाथों में मेहंदी सजाई। प्रभु श्रीराम के हाथ में जब सीता नाम की मेहंदी लगी तो श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। जय श्रीराम और सियावर रामचंद्र के जयघोष के बीच मंगल गीतों से पूरा अग्रवन गूंजता रहा।

मेहंदी के साथ ही हल्दी की रस्म भी हुई। संगीत की मधुर धुनों पर परिवार की महिलाओं ने मंगल गीत गाए और विवाहोत्सव की खुशियां मनाईं।

लगन टीका में गूंजे मंगल जयकारे

मेहंदी और संगीत की रस्मों के बाद प्रभु श्रीराम का लगन टीका समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक बड़े दिनेश जी ने श्रीराम सहित चारों भाइयों के स्वरूपों की आरती उतारी और मंगल आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जौहरी, मनोज अग्रवाल, मोनिका जौहरी सहित कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

अतिथियों का हुआ स्वागत, बच्चों ने भी बढ़ाई समारोह की रौनक

समारोह में कृष्णा गर्ग, रजत सिंघल, मनोज अग्रवाल पोली भाई और राजेश खुराना ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्रीयांशु, अनिका, जय, आदित्य, प्रथमय आदि उपस्थित रहे।

संगीत की धुनों पर राम बरात का न्योता

मेहंदी, हल्दी और लगन की रस्मों के बीच राजा दशरथ की ओर से संगीत की धुनों पर शहरवासियों को प्रभु श्रीराम की राम बरात में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।

Dr. Bhanu Pratap Singh