15 भव्य झांकियां रहेंगी खास आकर्षण, दोपहर तीन बजे निकलेगी बारात; विंटेज कारों का काफिला और लक्ष्मी-नारायण का रथ बढ़ाएगा शोभा
आगरा। उत्तर भारत की ऐतिहासिक श्रीराम बारात इस बार भव्यता, विविधता और धार्मिक मर्यादा के अद्भुत संगम के रूप में नजर आएगी। श्रीरामलीला कमेटी की ओर से निकलने वाली राम बारात में इस वर्ष कुल 168 झांकियां शामिल होंगी। इनमें 15 भव्य झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। झांकियों में सामाजिक, आध्यात्मिक, देशभक्ति, सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिखाई देंगे।
राम बारात की भव्यता में इस बार विंटेज कारों का पूरा काफिला भी शामिल होगा। पिछले वर्ष एक विंटेज कार राम बारात का हिस्सा बनी थी, जबकि इस बार कई विंटेज कारें एक साथ चलेंगी। सनातन धर्म की ध्वजा के साथ सैकड़ों लोग भी राम बारात में शामिल होंगे।
दोपहर तीन बजे शुरू होगी राम बारात, रात 11 बजे तक बेलनगंज पहुंचाने का लक्ष्य
श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि इस बार राम बारात को समय पर और सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाना कमेटी का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि ठीक दोपहर तीन बजे मुन्नालाल पेठा, रावतपाड़ा से गणेश जी की झांकी के साथ राम बारात का शुभारंभ होगा।
सभी झांकियां दरेसी नंबर एक पर एकत्र होंगी। इसके बाद निर्धारित क्रम में राम बारात आगे बढ़ेगी। कमेटी का लक्ष्य है कि रात 11 बजे तक सभी झांकियां बेलनगंज पहुंच जाएं, ताकि अगले दिन जनकपुरी स्थित गणपति किंग्स काउंटी में प्रभु श्रीराम के स्वरूप समय पर पहुंच सकें और आगे के कार्यक्रम निर्धारित समय पर संचालित किए जा सकें।
ऐरावत पर चारों भाई, आगे लक्ष्मी-नारायण का रथ
राम बारात में इस बार सबसे मनोहारी दृश्यों में से एक होगा ऐरावत हाथी पर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों का विराजमान होना। चारों भाइयों के स्वरूपों के आगे रथ पर सवार लक्ष्मी-नारायण के स्वरूप अगवानी करते हुए चलेंगे। धार्मिक आस्था और राजसी वैभव का यह दृश्य राम बारात के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।
15 भव्य झांकियां देंगी अलग-अलग संदेश
श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष 168 झांकियों में से 15 भव्य झांकियां विशेष रूप से तैयार की गई हैं। इनमें फल-मेवा सहित विभिन्न विषयों पर आधारित झांकियां शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि झांकियां केवल धार्मिक विषयों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि सामाजिक, आध्यात्मिक एवं देशभक्ति का संदेश भी देंगी। राम बारात के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
दक्षिण से उत्तर भारत तक के ऐतिहासिक मंदिरों की झलक
राम बारात प्रभारी प्रवीण स्वरूप बंसल ने बताया कि इस बार एक नया प्रयोग करते हुए दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक के ऐतिहासिक मंदिरों की झांकियां शामिल की गई हैं।
राम बारात की शुरुआती पांच झांकियां गणेश जी की होंगी। इनमें आठ फुट के गणेश जी हाथ जोड़कर सर्वप्रथम प्रभु श्रीराम की बारात की अगवानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, महाराष्ट्र, केरल, असम, पश्चिम बंगाल, उत्तरांचल और राजस्थान सहित विभिन्न स्थानों से विशेष झांकियां शामिल होंगी।
सामाजिक समरसता से पर्यावरण संरक्षण तक संदेश
राम बारात में सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली झांकियों के साथ पर्यावरण संरक्षण और विद्युत बचत के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा। त्योहारों और उत्सवों में महिलाओं द्वारा ही मेहंदी लगाए जाने का संदेश देने वाली झांकी भी शामिल होगी। नीम करोली बाबा की झांकी भी इस बार आकर्षण का केंद्र रहेगी।
झांकियों में मर्यादा का विशेष ध्यान
प्रवीण स्वरूप बंसल ने बताया कि इस बार शहरवासियों की धार्मिक भावनाओं और राम बारात की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। किसी भी स्वरूप की झांकी सड़क पर नाचते हुए नहीं चलेगी। केवल मां काली का अखाड़ा ही अपनी पारंपरिक प्रस्तुति के साथ चलेगा। उन्होंने बताया कि राम बारात में धार्मिक गरिमा और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
दो एंबुलेंस रहेंगी राम बारात के साथ
राम बारात में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए हेल्प आगरा की दो एंबुलेंस साथ चलेंगी। एक एंबुलेंस राम बारात के आरंभिक हिस्से में और दूसरी मध्य भाग में रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
राम बारात की आड़ में अमर्यादित गतिविधि दिखे तो तत्काल दें
श्रीरामलीला कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने शहरवासियों से अपील की कि राम बारात धार्मिक आस्था और मर्यादा का आयोजन है। यदि राम बारात में कोई पुरुष महिला के वेश में अथवा कोई अमर्यादित झांकी दिखाई दे तो उसका श्रीरामलीला कमेटी से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारी को सूचित कर शिकायत दर्ज कराएं। कमेटी राम बारात की धार्मिक गरिमा और मर्यादा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
सात किलो के रजत मुकुट में दमकेंगे रघुवर, शेषनाग मुकुट में दिखेंगे लक्ष्मण
राम बारात की भव्यता को चारों भाइयों का विशेष श्रृंगार और भी दिव्य बनाएगा। बारहद्वारी में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के मुकुट एवं पोशाक तैयार करने का काम श्रीरामलीला कमेटी की श्रृंगार कमेटी द्वारा किया जा रहा है। इसकी तैयारी पिछले दो माह से चल रही है।
श्रृंगार कमेटी प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि प्रभु श्रीराम के मस्तक पर इस बार करीब सात किलो का रजत मुकुट सुशोभित होगा। मुकुट में सूर्य चिन्ह बनाया गया है, जो प्रकाश की किरणों के साथ प्रभु श्रीराम के तेजस्वी स्वरूप को निखारेगा। इसमें जयपुर से लाई गई विशेष कलगी, भगवान विष्णु के पांच आयुध और नृत्य करते मोर की आकृति भी बनाई गई है।
प्रभु श्रीराम पीतांबरी शेरवानी पर मेहरून रंग के काम और गोट से सजी पोशाक धारण करेंगे।
साढ़े छह किलो के लक्ष्मण मुकुट में होगी शेषनाग की आकृति
राहुल शर्मा ने बताया कि लक्ष्मण जी का रजत मुकुट करीब साढ़े छह किलो वजनी होगा। इसमें रत्नों के साथ शेषनाग की आकृतियां बनाई गई हैं। रोशनी पड़ने पर मुकुट में लगा शेषनाग का चिन्ह चमकता हुआ दिखाई देगा। इससे लक्ष्मण जी के दिव्य स्वरूप की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
भरत और शत्रुघ्न के लिए भी पूरी तरह रजत के मुकुट तैयार किए गए हैं। इनका वजन करीब साढ़े तीन से चार किलो होगा। मुकुटों में कलंगी सहित अन्य आकर्षक अलंकरण लगाए जाएंगे।
राहुल शर्मा ने बताया कि चारों भाइयों के श्रृंगार में पारंपरिक स्वरूप, गरिमा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुकुट और पोशाक इस तरह तैयार किए जा रहे हैं कि राम बारात की रोशनी में चारों स्वरूपों की दिव्यता और अधिक निखरकर सामने आए।
श्रृंगार प्रमुख राहुल शर्मा ने बताया कि मुकुट और पोशाक तैयार करने में पूरी टीम पिछले दो माह से लगातार जुटी हुई है। श्रृंगार कमेटी में राम अभिषेक शर्मा, सुमित बंसल, किट्टू शर्मा, रवि बंसल, अभिषेक अग्रवाल, हिरदेश वल्लभ गोस्वामी, अमित गुप्ता, ब्रज मोहन पाराशर, पं. तुषार शर्मा, क्रिश बंसल, सार्थक बंसल, राम वरुण शर्मा, कृष्णा अग्रवाल, माधव पाण्डेय, आदित्या शर्मा (कोको), शुभम उपाध्याय, यश पाराशर, हर्ष पाराशर और सक्षम शर्मा शामिल हैं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में तारा चंद, विजय गोयल, मुकेश जौहरी, टीएन अग्रवाल, रामकिशन, विष्णु दयाल, अंजुल बंसल, सुधांशु खंडेलवाल, मनोज अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, संजय तिवारी, शैलेश अग्रवाल, हनी अग्रवाल, प्रसून मंगल, आयुष गिरधर, राहुल गौतम, ऋषि, ऋतिक जौहरी, गिर्राज बंसल, विनय, मयंक, राजेंद्र अग्रवाल, महेश चंद्र, प्रकाश चंद्र, राजीव गुप्ता, नितिन अग्रवाल, अशोक गोयल, आशीष जैन, अंकुर अग्रवाल, तपिश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
- आगरा एमएलसी चुनाव: नामांकन के अंतिम दौर में मंडलायुक्त कार्यालय पर उमड़ी भीड़, तांगे और ई-रिक्शा पर सवार होकर पहुंचे प्रत्याशी - October 5, 2026
- आगरा में सनसनी: ट्रांस यमुना के कांशीराम आवास की झाड़ियों में मिली एक्सपायरी दवाओं की भारी खेप, औषधि विभाग और पुलिस जांच में जुटी - October 5, 2026
- आगरा में पति-पत्नी के विवाद के दौरान छत से गिरकर महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया धक्का देने का आरोप - October 5, 2026