लखनऊ/दिल्ली। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच घमासान और तेज हो गया है। सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बैठकों के बीच यह बात सामने आई है कि सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव को लेकर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद इमरान मसूद ने खुलकर नाराजगी जताई है। दूसरी ओर, सपा और कांग्रेस के बीच चल रही इस खींचतान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा तंज कसते हुए इसे ‘ठगबंधन’ करार दिया है।
’मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं’: इमरान मसूद
सपा द्वारा कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें प्रस्तावित किए जाने के सवाल पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में दो टूक कहा, “मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, आपको पता होगा। मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं…” उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में सीटों के लिए मांग करने और आपसी सहयोग के बीच बड़ा अंतर होता है।
गौरतलब है कि मंगलवार को दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की बातचीत भी जारी है, जबकि इससे पहले सोमवार को कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की सूची सौंपी थी और सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव रखने के साथ अन्य सीटों पर समीकरण व प्रत्याशी मांगे गए हैं।
केशव प्रसाद मौर्य का तीखा प्रहार
विपक्ष के भीतर चल रही इस रस्साकशी के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों के संभावित तालमेल को ‘ठगबंधन’ बताते हुए दावा किया कि वे साथ मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, जीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ही होगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “सपा-कांग्रेस का गठबंधन एक ऐसी खिचड़ी है जिसका पकना दोनों के नसीब में नहीं है। दरअसल, ‘मौक़ापरस्ती’ और ‘मतलब’ ही इस ठगबंधन की बुनियाद है। बात सीधी है कि ये अलग-अलग लड़ें या गठबंधन करके, चुनावी गुणा-गणित चाहे जितना भी लगा लें, नतीजा बदलने वाला नहीं है। नतीजा वही रहेगा, यूपी में फिर एक बार ‘कमल’ खिलेगा!”
सीट बंटवारे के दूसरे दौर की वार्ता के बीच इमरान मसूद के तल्ख तेवरों और केशव प्रसाद मौर्य के तीखे बयानों ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल और बढ़ा दी है।
- ‘सपा-कांग्रेस गठबंधन ऐसी खिचड़ी है जिसका पकना दोनों के नसीब में नहीं है’: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का तीखा हमला - November 24, 2026
- रायबरेली में कपड़ों पर सफेदी लाने वाले केमिकल और रिफाइंड ऑयल से तैयार हो रहा था नकली पनीर, FSSAI और खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा - November 24, 2026
- रामनगरी से सीतानगरी तक सीधा रेल संपर्क: अयोध्या से खुली ‘सरयू कमला एक्सप्रेस’ जनकपुर धाम पहुंची, हुआ भव्य स्वागत - November 24, 2026