लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के पास से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे कार चालक ने युवती पर कार चढ़ाने और उसे जान से मारने की कोशिश की। इस खौफनाक वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती कार के बोनट पर टंगी हुई अपनी जान बचाने के लिए चीख-पुकार मचा रही है, लेकिन आरोपी शाहनवाज का दिल जरा भी नहीं पसीजा और वह लगातार उसे कुचलने की कोशिश करता रहा। लखनऊ पुलिस के अनुसार, आरोपी शाहनवाज और पीड़िता अनामिका पहले से एक-दूसरे से परिचित थे।
पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने का आरोप
पुलिस और चश्मदीदों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शाहनवाज ने अपनी असली पहचान छिपाकर और खुद को ‘यश ठाकुर’ बताकर अनामिका को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। कुछ समय बाद जब अनामिका को उसकी असलियत की भनक लगी, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि अनामिका सुबह-सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने गई थी। उसी दौरान आरोपी शाहनवाज अपनी एक अन्य नई गर्लफ्रेंड के साथ उसी चाय की टपरी पर पहुंच गया।
जब अनामिका ने उसे वहां दूसरी लड़की के साथ देखा, तो उसने उसे रोकने और टोकने की कोशिश की। इसी दौरान अनामिका को इस बात का पूरी तरह अहसास हुआ कि वह ‘यश’ नहीं बल्कि ‘शाहनवाज’ है। पीड़िता द्वारा धोखेबाजी के आरोप लगाए जाने और विरोध करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और उसने अपनी कार युवती पर चढ़ा दी।
200 से 300 मीटर तक बोनट पर घसीटा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अनामिका अपनी स्कूटी से वहां पहुंची थी और उसने सड़क पर खड़ी आरोपी की कार को रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि चालक शाहनवाज ने बचने के लिए कार तेजी से आगे बढ़ा दी, जिससे युवती कार की चपेट में आ गई और बोनट पर जा अटकी। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे करीब 200 से 300 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कार रुकवाने के लिए खूब शोर मचाया और गाड़ियों पर पत्थर भी फेंके, लेकिन बेखौफ आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और ‘@myogiadityanath’ व ‘@lkpolice’ को टैग किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता अनामिका को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएससी (CHC) भेज दिया गया है। पुलिस अब मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और कार के नंबर के आधार पर आरोपी शाहनवाज की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
- दिल्ली में बड़ा सियासी घटनाक्रम: आकाशवाणी भवन पर धरना दे रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी नेता और सांसद हिरासत में, किंग्सवे कैंप ले जाए गए सभी दिग्गज - October 6, 2026
- भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख बने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित: 31 अक्टूबर को संभालेंगे कार्यभार, चार दशकों का है शानदार सैन्य करियर - October 6, 2026
- निर्वाचन आयोग की ओर मार्च कर रहे सांसद, राहुल-प्रियंका आकाशवाणी भवन पर बैठे धरने पर, बोले- ‘हमें मिलने तक यहीं बैठना होगा’ - October 6, 2026