​”मैं हिंदू हूं और आगे भी हिंदू ही रहूंगा”: 22 प्रतिज्ञाओं वाले वीडियो पर सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी का बड़ा बयान

POLITICS

नोएडा/लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी एक बार फिर अपने बयानों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर सियासी चर्चाओं के केंद्र में आ गए हैं। दिल्ली स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 22 प्रतिज्ञाओं और हिंदू देवी-देवताओं से जुड़ी शपथ लेने वाले वायरल वीडियो पर शुरू हुए विवाद के बाद अब भाटी ने एक नया वीडियो संदेश जारी कर अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि वह हिंदू हैं और आगे भी हिंदू ही रहेंगे।

​वायरल वीडियो और धर्मांतरण की अफवाहों पर दी सफाई

दरअसल, 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध महासभा द्वारा ‘विशाल धम्म दीक्षा समारोह’ आयोजित किया गया था, जिसमें राजकुमार भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रसिद्ध 22 प्रतिज्ञाओं को दोहराया गया। मंच पर भाटी की मौजूदगी और इन प्रतिज्ञाओं का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया है।

इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए भाटी ने कहा कि उन्होंने न तो धर्म परिवर्तन किया है और न ही भविष्य में ऐसा करने का उनका कोई इरादा है। उन्होंने भाजपा के आईटी सेल पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने का सीधा आरोप लगाया।

​‘हिंदू धर्म मुझे बोलने और बहस करने की आजादी देता है’

​सपा प्रवक्ता ने हिंदू धर्म के सिद्धांतों की सराहना करते हुए कहा कि वह हिंदू धर्म का बेहद सम्मान करते हैं, क्योंकि इसमें आदिकाल से विचार-विमर्श, शास्त्रार्थ, संवाद और बहस की समृद्ध परंपरा रही है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला।

​भाटी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस मिलकर एक उदार और सहिष्णु हिंदू धर्म को कट्टरता की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक और सामाजिक शक्तियां अपनी विचारधारा को दूसरों पर जबरन थोपना चाहती हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता व बोलने की आजादी पर पाबंदियां लगाना चाहती हैं।

​22 प्रतिज्ञाओं और सर्वधर्म सम्मान पर रखा पक्ष

बाबा साहेब आंबेडकर की 22 प्रतिज्ञाओं के प्रसंग पर सफाई देते हुए राजकुमार भाटी ने कहा कि वह एक सच्चे समाजवादी होने के नाते प्रत्येक धर्म, जाति, वर्ग और समुदाय का समान रूप से सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि जब सिख भाई बुलाते हैं तो वह गुरुद्वारे में मत्था टेकते हैं, मुस्लिम भाइयों के आमंत्रण पर मजलिसों में जाते हैं और हिंदू धर्म के तीज-त्योहारों व पूजा-पाठ में भी नियमित रूप से सम्मिलित होते हैं।

​भाटी ने अंत में कहा ​”बौद्ध धर्म और गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति मेरा विशेष आकर्षण है और बाबा साहेब के विचारों का मेरे ऊपर गहरा प्रभाव है। लेकिन किसी भी धर्म में रहकर मानवता की सेवा की जा सकती है और छुआछूत, भेदभाव, घृणा, अंधविश्वास व पाखंड के खिलाफ आवाज उठाई जा सकती है। लोगों को विरोधी दलों के दुष्प्रचार में फंसकर कोई गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए।”

Dr. Bhanu Pratap Singh