महोबा: जनपद के कुलपहाड़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रावतपुरा खुर्द गांव में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली सी बात पर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के पीछे नशे की लत के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर हुआ विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे मोहन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी मोहन ने अपनी मां मूला देवी से गांजा खरीदने के लिए 60 रुपये की मांग की थी। जब मां ने उसे पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में अंधे हो चुके मोहन ने घर में रखे एक धारदार हथियार से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। पुलिस के मुताबिक, गंभीर चोटें आने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात के बाद भी घर से नहीं निकला आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर के भीतर केवल मां और बेटा ही मौजूद थे। खौफनाक हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार होने के बजाय करीब दो घंटे तक अपनी मृत मां के शव के पास ही गुमसुम बैठा रहा। बाद में जब परिवार के अन्य सदस्यों को इस घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतका का बड़ा बेटा सोहन यादव भी जब घर पहुंचा तो उसे इस अनहोनी का पता चला। परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी मोहन नशे का बुरी तरह आदी हो चुका था और वह अक्सर अपनी मां से नशे के सामान के लिए पैसे की मांग करता था। वह गांजा पीने के साथ-साथ नशे के इंजेक्शन लेने का भी आदी था। पैसों को लेकर मां-बेटे के बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, आगे की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हिरासत में लिए गए आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
- आगरा के 45वें ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव को मिला नया नेतृत्व: राजीव कांत लवानियां फिर बने स्वागत समिति के अध्यक्ष, विनय जैन महामंत्री - September 25, 2026
- यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: गृह मंत्री अमित शाह बोले- सपा-बसपा के दौर में चलती थी अपराध की इंडस्ट्री, आज डिफेंस कॉरिडोर बना रहा नया इतिहास - September 25, 2026
- लखनऊ में आवास और विकास की बड़ी सौगात: सीएम योगी ने दो आवासीय प्लॉट योजनाओं और पांच अपार्टमेंट प्रोजेक्ट्स का किया भूमिपूजन - September 25, 2026