
अनंत से अरिहंत: आत्मा की मोक्ष यात्रा का दिव्य मंचन, आगरा में आज गूंजेगा आध्यात्मिक प्रकाश
आध्यात्मिक ऊर्जा का महासंगम
अनंत से अरिहंत: आत्मा की दिव्य यात्रा का सजीव मंचन आज, भगवान महावीर के जन्मकल्याणक पर आगरा में भव्य लाइट एंड साउंड शो
विशेष आध्यात्मिक प्रस्तुति का आयोजन
भगवान महावीर जन्मकल्याणक पर विशेष आध्यात्मिक प्रस्तुति, भगवान महावीर स्वामी के जीवन प्रसंगों का होगा सजीव मंचन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से आत्मा की मोक्ष यात्रा का चित्रण,125 से अधिक जैन समाज के लोग करेंगे भावपूर्ण अभिनय
आयोजन की विस्तृत जानकारी
आगरा। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक के पावन अवसर पर सकल श्वेतांबर जैन श्री संघ के तत्वावधान में “अनंत से अरिहंत आत्मा की यात्रा” विशेष लाइट एंड साउंड शो का आयोजन 31 मार्च, मंगलवार को सायं 5 बजे से सूरसदन प्रेक्षागृह में किया जाएगा। सोमवार को आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन न्यू राजा मंडी स्थित सुराना भवन में किया गया।
संयुक्त संस्थाओं का सहयोग
यह आयोजन श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट राजा मंडी, जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ रोशन मोहल्ला, एसएन जैन समिति लोहा मंडी, श्री आत्मानंद जैन सभा बालूगंज एवं अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
जीवन गाथा का मंचन
जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक पर उनके जीवन, तप और मोक्ष मार्ग की प्रेरणादायक गाथा “अनंत से अरिहंत आत्मा की यात्रा” लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से सजीव होगी।
27 भव से मोक्ष तक की यात्रा
जिसमें उनके जन्म से पूर्व के 27 भव, जन्म, बाल्यकाल, युवावस्था, वैराग्य, दीक्षा, कठोर तप, उपसर्ग, केवलज्ञान की प्राप्ति तथा मोक्ष से पूर्व के अंतिम 72 घंटों तक दिए गए देशना का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही मोक्ष प्राप्ति के बाद सिद्ध अवस्था तक की यात्रा को भी प्रभावी रूप में दर्शाया जाएगा।
आध्यात्मिक संदेश और सिद्धांत
उन्होंने बताया कि यह प्रस्तुति “अनंत से अरिहंत” बनने की उस आध्यात्मिक प्रक्रिया को दर्शाती है, जिसमें आत्मा अज्ञान और कर्म बंधनों से मुक्त होकर परम ज्ञान और मोक्ष की ओर अग्रसर होती है। यह कार्यक्रम जैन मत के अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मसंयम जैसे मूल सिद्धांतों को भावपूर्ण अभिनय और आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करेगा।
मुख्य अतिथि और वक्ता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन होंगे तथा समारोह की अध्यक्षता यतेंद्र कुमार गुप्ता करेंगे। इस अवसर पर अमरलाल जैन भगवान महावीर के उपदेशों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर अपने विचार रखेंगे।
125 कलाकारों की भागीदारी
इस भव्य मंचन में 125 से अधिक बच्चे, महिलाएं एवं पुरुष भाग ले रहे हैं, जो पिछले 15 दिनों से निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। ये सभी चारों संस्थाओं से जुड़े परिवारों के ही सदस्य हैं। मंचन का निर्देशन दीपक एवं चंद्रशेखर द्वारा किया जा रहा है।
आमंत्रण पत्र विमोचन
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर सुरेंद्र सोनी, सुभाष जैन, सुरेश जैन (हैप्पी भाई), अमर लाल जैन सहित अजय लालवानी, रवि जैन, वीरेंद्र जैन, शरद चौघड़िया, दुष्यंत जैन, अशोक कोठारी, अनिल जैन, अमित जैन, राजीव जैन, राजीव चपलावत आदि उपस्थित रहे।
न्यू राजा मंडी स्थित सुराना भवन में सकल श्वेतांबर जैन श्री संघ के तत्वाधान में आयोजित होने जा रहे अनंत से अरिहंत आत्मा की यात्रा लाइट एंड साउंड शो के आमंत्रण पत्र का विमोचन जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ के अध्यक्ष राजकुमार जैन। साथ हैं सुरेंद्र सोनी, सुभाष जैन, सुरेश जैन, अमर लाल जैन, अजय लालवानी, रवि जैन, वीरेंद्र जैन, शरद चौघड़िया, दुष्यंत जैन, अशोक कोठारी, अनिल जैन, राजीव जैन आदि। ने किया।
संपादकीय
आगरा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भूमि पर “अनंत से अरिहंत” जैसा आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मा की जागृति का महोत्सव है। आज जब आधुनिक जीवनशैली में व्यक्ति भौतिकता के जाल में उलझता जा रहा है, ऐसे में भगवान महावीर के सिद्धांत—अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मसंयम—जीवन को संतुलन और शांति प्रदान करने का मार्ग दिखाते हैं।
यह मंचन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का अवसर है। 27 भवों से लेकर मोक्ष तक की यात्रा हमें यह सिखाती है कि आत्मा की असली ताकत भीतर छिपी है, बस उसे जागृत करने की आवश्यकता है।
125 कलाकारों का समर्पण और समाज का सहयोग यह दर्शाता है कि जब उद्देश्य पवित्र हो, तो हर व्यक्ति एक मिशन का हिस्सा बन जाता है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी एक प्रभावी माध्यम है।
आज जरूरत है कि हम केवल ऐसे आयोजनों को देखें ही नहीं, बल्कि उनके संदेश को अपने जीवन में उतारें। क्योंकि असली “अरिहंत” वही है, जो अपने भीतर के अज्ञान को जीत ले।
डॉ भानु प्रताप सिंह, संपादक
- मिर्जापुर में काल बना अनियंत्रित ट्रेलर: बीमार बेटे को दवा दिलाने जा रहे मां, मासूम और चाचा की दर्दनाक मौत - March 31, 2026
- मौसम का यू-टर्न: आगरा-मथुरा समेत यूपी के 20 जिलों में ओलावृष्टि और अंधड़ का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं - March 31, 2026
- Agra News: खेरागढ़ में ‘सिंघम’ रिटर्न; चार्ज संभालते ही SHO हरीश शर्मा का धमाका, 24 घंटे में जयपुर से दबोचा नाबालिग का किडनैपर - March 31, 2026