आगरा। खेत में कृषि कार्य कर रहे एक किसान पर आवारा सांड़ के जानलेवा हमले ने देहाती इलाकों में घूम रहे बेसहारा पशुओं की समस्या और उनके रख-रखाव के प्रशासनिक दावों की कलई खोल दी है। खैरागढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बसई जगनेर के गांव हंसपुरा में सांड़ के हमले से किसान रमेश चंद बुरी तरह जख्मी हो गए। सांड़ का सींग उनकी पसली को तोड़ते हुए पेट के अंदर तक चला गया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए आगरा के एसआर हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हंसपुरा निवासी रमेश चंद पुत्र लखमी चंद शुक्रवार को अपने खेत पर काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक पहुंचे एक आवारा सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। सांड़ की भीषण टक्कर से वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के तुरंत बाद परिजन और गांव वाले उन्हें लेकर आगरा पहुंचे और निजी अस्पताल में दाखिल कराया।
गौशालाओं के दावों के बीच फसलों और किसानों पर मंडराता खतरा
प्रदेश सरकार द्वारा बेसहारा गोवंश के रखरखाव के लिए चलाई जा रही गौशालाओं और संरक्षण अभियानों के दावों के बावजूद देहाती क्षेत्रों में छुट्टा जानवरों का खौफ बदस्तूर जारी है। ये आवारा मवेशी न केवल खेतों में घुसकर फसलें चौपट कर रहे हैं, बल्कि किसानों को कड़ाके की ठंड में रात-रात भर जागकर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। रमेश चंद पर हुए इस जानलेवा हमले ने अब प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़कों और खेतों में घूम रहे इन खूंखार मवेशियों से किसानों की हिफाजत कैसे होगी।
प्रशासनिक अफसरों से गौशालाओं की पड़ताल और पीड़ित को मुआवजे की गुहार
इस खौफनाक वारदात के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा तहसील प्रशासन से तुरंत कड़े कदम उठाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गांवों और खेतों में घूम रहे निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही पंचायत व ब्लॉक स्तर पर कागजों में चल रही गौशालाओं की वास्तविक क्षमता व वहां के इंतजामों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इसके अतिरिक्त, जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे पीड़ित किसान रमेश चंद के इलाज के लिए त्वरित सरकारी मदद मुहैया कराने तथा नियमानुसार राहत कोष से मुआवजा दिलाने की मांग उठाई गई है।
- इस्कॉन मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी-सालिगराम विवाह: बैंड-बाजों और आतिशबाजी के साथ निकली भव्य बारात - November 22, 2026
- आगरा के खैरागढ़ में किसान पर आवारा सांड़ का जानलेवा हमला; पसली तोड़ते हुए पेट में घुसा सींग, हालात गंभीर, हॉस्पिटल में भर्ती - November 22, 2026
- यूपी के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल: गूंजेंगे सायरन, कुछ देर के लिए गुल होगी बिजली - November 22, 2026