बाबा के दरबार पहुंचे भाजपा यूपी सह-प्रभारी अनंत ओझा: श्री मनःकामेश्वर मंदिर में दर्शन कर ग्रहण की प्रसादी

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में 16 नवंबर (सोमवार) को आयोजित हुए वार्षिक भंडारे के बाद धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। सोमवार को आयोजित इस विशाल महाप्रसाद (भंडारे) में 15 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने पंक्तियों में बैठकर प्रसादी ग्रहण की थी।

​इसी क्रम में, पूर्व व्यस्तताओं और व्यवस्थाओं के चलते सोमवार के मुख्य आयोजन में सम्मिलित न हो सके भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अनंत ओझा बुधवार को बाबा मनःकामेश्वर के दर्शन करने मंदिर प्रांगण पहुंचे। मंदिर आगमन पर उन्होंने विधि-विधान से बाबा का पूजन-अर्चन किया और उसके उपरांत प्रसादी ग्रहण की।

महंत योगेश पूरी और हरिहर पुरी ने किया सम्मानित

वरिष्ठ भाजपा नेता अनंत ओझा के मंदिर आगमन पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उनके साथ माधवी अग्रवाल भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।

महंत योगेश पुरी ने अनंत ओझा को पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण कराया और मनःकामेश्वर मठ से जुड़ी प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर प्रांगण में स्थित वेदांत मंदिर में विराजित भगवान वेद के दर्शन भी कराए। इस दौरान मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने पूरे धार्मिक अनुष्ठान और पूजन को विधि-विधान से संपन्न कराया।

भाजपा यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने भेजा शुभकामना पत्र

वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रभारी विनोद तावड़े ने भी एक औपचारिक पत्र जारी कर बाबा मनःकामेश्वर के वार्षिक भंडारे और धार्मिक आयोजनों के सफल आयोजन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

दर्शन और पूजन के बाद भाजपा सह-प्रभारी अनंत ओझा ने मंदिर की व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए बाबा मनःकामेश्वर से प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

Dr. Bhanu Pratap Singh