श्री कृष्णलीला महोत्सव: जब भीष्म ने पहचाना श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप, संवादों से जीवंत हुआ महाभारत का रण

PRESS RELEASE

आगरा। सत्ता का अहंकार जब धर्म की शक्ति को चुनौती देने लगा और युद्ध के मैदान में विजय-पराजय का प्रश्न खड़ा हुआ, तब भीष्म पितामह ने दुर्योधन को भगवान श्रीकृष्ण की असीम शक्ति और दिव्यता का बोध कराया। भगवान के विराट स्वरूप और युगों-युगों में उनकी लीलाओं का वर्णन करते हुए भीष्म पितामह ने ऐसी प्रतिज्ञा ली, जिसने महाभारत युद्ध की दिशा को और भी रोमांचक बना दिया।

गौशाला प्रांगण, वाटर वर्क्स में श्री कृष्णलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्णलीला महोत्सव में बुधवार को पहली बार भीष्म प्रतिज्ञा लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों को महाभारत के युद्धकालीन प्रसंगों की सजीव अनुभूति कराई।

श्रीकृष्ण की महिमा सुन क्रोधित हुआ दुर्योधन

लीला में दिखाया गया कि महाभारत युद्ध में कौरवों की पराजय की आशंका से विचलित दुर्योधन भीष्म पितामह के पास पहुंचता है। वह उन्हें सेनापति पद से हटने और कर्ण को सेनापति बनाने की बात कहता है। इस पर भीष्म पितामह उसे समझाते हैं कि पांडवों के साथ स्वयं भगवान श्रीकृष्ण हैं, इसलिए उनकी विजय को कोई नहीं रोक सकता।

भीष्म पितामह भगवान श्रीकृष्ण के सतयुग, त्रेता और द्वापर युग के दिव्य स्वरूपों का वर्णन करते हुए उनकी महिमा का बखान करते हैं। वे बताते हैं कि भगवान युग-युग में धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए अवतरित होते हैं। भगवान की महिमा सुनकर दुर्योधन क्रोधित हो जाता है और उनकी बात मानने से इनकार कर देता है।

भीष्म की प्रतिज्ञा ने बढ़ाया युद्ध का रोमांच

दुर्योधन के क्रोध और अविश्वास से आहत भीष्म पितामह प्रतिज्ञा करते हैं कि अगले दिन के युद्ध में वह पांडवों की सेना का संहार कर देंगे। उनके इस संकल्प के साथ लीला का अत्यंत प्रभावशाली दृश्य प्रस्तुत किया गया। भीष्म पितामह की प्रतिज्ञा, दुर्योधन का अहंकार और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्यता के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इन्होंने उतारी स्वरूपों की आरती

लीला महोत्सव में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष अपूर्वा जादौन, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, संजय बड़े, मनोज नागाजी, रेनू गोयल, रेनू गर्ग, सुजाता अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, केसी अग्रवाल, अनूप गोयल, महंत अनंत उपाध्याय, ब्रजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, मनोज बंसल, विष्णु अग्रवाल, गिर्राज बंसल आदि ने स्वरूपों की आरती उतारी।

गुरुवार को होगी भक्त प्रह्लाद की लीला

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष श्री कृष्ण लीला महोत्सव में भगवान श्री नारायण हरि की विभिन्न लीलाओं के प्रसंग का मंचन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रहलाद चरित्र, नरसिंह अवतार एवं नृत्य होगा। प्रहलाद की कथा अटूट श्रद्धा, भक्ति और ईश्वर पर विश्वास का प्रतीक मानी जाती है।

Dr. Bhanu Pratap Singh