प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां वकील सतीश श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ झून्ने को बनाया गया है, जो कथित तौर पर भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा, उसके बेटों अमरेंद्र नाथ मिश्रा व निपेंद्र नाथ मिश्रा और उसकी पत्नी शैल मिश्रा के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में भारी भूचाल आ गया है।
पुलिस के सामने गोली मारने का आरोप
मृतक वकील की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव ने न्याय व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि उनके पति की हत्या पुलिस के ठीक सामने की गई है। वर्षा के मुताबिक, आरोपी देवेंद्रनाथ मिश्रा पिछले एक साल से उनकी जमीन पर कब्जा करने की फिराक में था। इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीसीपी और एसीपी समेत कई आला अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए थे।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि एसीपी विवेक यादव इस मामले में आरोपियों का पक्ष ले रहे थे और घटना के वक्त चौकी इंचार्ज विनय यादव भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने उनके पति के साथ मारपीट की थी। दुखी पत्नी ने अब इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।
अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर मृतका की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव का एक वीडियो शेयर करते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। वीडियो में रोते-बिलखते हुए वर्षा सीएम योगी के अभियानों पर सवाल उठाते हुए कह रही हैं, “मुख्यमंत्री कर क्या रहे हैं… हमने हर जगह प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। अब मुख्यमंत्री हमारे पति को वापस लाकर दें। दो बेटियों का घर उजड़ गया है, सरकार उनकी जिम्मेदारी उठाए।”
इस वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हमारे देश में नारी के श्राप से कोई भी नहीं बच पाया है, वो अपने को चाहे कितना भी बड़ा और महत्वपूर्ण समझे। परिवार के दुखों का एहसास परिवारवालों को ही हो सकता है। जो घर उजाड़े, फर्जी एनकाउंटर करवाए, दुखी मां-प्रोफेसर-पत्रकार को सरेआम बेइज्जत करे, अपने वर्चस्व को बनाए रखने के लिए PDA समाज का उत्पीड़न करे, ऐसा नेता : नहीं चाहिए, नहीं चाहिए!”
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से प्रयागराज में वकीलों और आम जनता में गहरा रोष व्याप्त है, और पुलिस प्रशासन पर अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लग रहे हैं।
- यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा की बढ़ी मुश्किलें: कांग्रेस के बाद अब पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल (कमेरावादी) ने 60 सीटों पर ठोका दावा - October 16, 2026
- प्रयागराज वकील हत्याकांड: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर बोला हमला: कहा— “जो घर उजाड़े, फर्जी एनकाउंटर करवाए, ऐसा नेता नहीं चाहिए” - October 16, 2026
- रसगुल्ले से लेकर बर्फी तक, यूपी में मिठाई बेचने के नियम में बड़ा बदलाव, ‘Use By Date’ लिखना अनिवार्य - October 16, 2026