गृह मंत्री अमित शाह ने साबरमती से देश की पहली एलएनजी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बोले- ‘पीएम मोदी ने किया रेलवे का कायापलट, 12 साल में भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं’

NATIONAL

अहमदाबाद: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के साबरमती से देश की पहली एलएनजी ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे का पूरी तरह से कायापलट कर दिया है और इसे आधुनिकता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस को तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर खुली चर्चा करने की चुनौती दी है।

​’कांग्रेस ने दिए घोटाले, मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक दाग नहीं’

अमित शाह ने कहा कि 2014 से पहले इस देश पर एक ही परिवार का शासन था। मैं केवल रेलवे के बारे में बात करना चाहता हूं। फ्रेट कॉरिडोर, रैपिड रेल और प्रीमियम स्टेशन जैसी सभी परियोजनाएं मोदी ने शुरू की हैं। हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का उद्घाटन करके उन्होंने भारत को दुनिया के उन चुनिंदा चार देशों में शामिल कर दिया है, जहां ऐसी ट्रेन चलती है।” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ”कांग्रेस बेतुकी बातें करती है।

देश की जनता को उनसे कहना चाहिए कि वे आंकड़ों के साथ चर्चा करें। आपने (कांग्रेस ने) 12 लाख करोड़ रुपये के धोखाधड़ी, घोटालों और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। लेकिन 12 वर्षों में कोई भी मोदी पर चार आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सका है।”

कार्यक्रम के दौरान शाह ने साबरमती स्टेशन से ‘डब्ल्यूएजी-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव’ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रेलवे में आधुनिक तकनीक और अभूतपूर्व विकास

इसके अलावा, उन्होंने 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया, इनका उद्घाटन किया और इनकी आधारशिला रखी। इनमें रेलवे लाइनों के दोहरीकरण का काम, ‘कवच’ ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, स्वचालित सिग्नल प्रणाली और ‘डब्ल्यूएजी-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव’ के रखरखाव के लिए एक शेड शामिल हैं। मोदी की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि मुंबई से वडोदरा के बीच पहली लंबी ‘डबल-स्टैक कंटेनर’ ट्रेन का परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। ‘डबल स्टैक कंटेनर’ ट्रेन एक ऐसी विशेष मालगाड़ी है, जिसमें माल ढोने वाले कंटेनर को एक के ऊपर एक रखकर ले जाया जाता है।

शाह ने कहा, ”जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2014 में सत्ता में आए हैं, उन्होंने रेलवे में कई नयी सुविधाएं शुरू की हैं और इसे आधुनिक बनाया है। मोदी सरकार के तहत 11,000 किलोमीटर लंबे रेल कॉरिडोर को चार-ट्रैक नेटवर्क में बदला जा रहा है, जिससे रेल यातायात में काफी सुविधा होगी।” शाह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा रेलगाड़ियों में 97 प्रतिशत जैव-शौचालय लगाए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान 87 प्रतिशत एलबीएच डिब्बों का उत्पादन भारत में किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी के शासनकाल में रेलवे का 70 प्रतिशत विद्युतीकरण हुआ, रेलवे सुरक्षा के बजट में 67 प्रतिशत की वृद्धि हुई और लोकोमोटिव उत्पादन की क्षमता में 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

2030 तक रेलवे में डीजल का इस्तेमाल होगा पूरी तरह शून्य

​’मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि रेलवे ने ऊर्जा के मोर्चे पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2015-16 में रेलवे 293 करोड़ लीटर डीजल का उपयोग करता था, जो 2024-25 तक घटकर 108 करोड़ लीटर पर आ गया है और वर्ष 2030 तक इसे पूरी तरह घटाकर शून्य कर दिया जाएगा, जिससे देश की भारी-भरकम विदेशी मुद्रा की बचत होगी।

​गुजरात के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2009-14 के दौरान जहां यूपीए सरकार में गुजरात के लिए रेलवे बजट आवंटन मात्र 589 करोड़ रुपये था, वह वर्ष 2026-27 में बढ़कर 17,366 करोड़ रुपये हो गया है। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh