आगरा। पूज्य सिंधी संत साईं कंवर राम जी के बलिदान दिवस के पावन अवसर पर उनके त्याग, तपस्या और मानव सेवा से परिपूर्ण जीवन दर्शन को पर्दे पर साकार करती लघु फिल्म का भव्य प्रीमियर लॉन्च समारोह रविवार, 1 नवंबर 2026 को पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य भवन में अत्यंत श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ‘श्रद्धेय श्री राजकुमार सामा जी विचार मंच’ के बैनर तले आर.ए. मूवीज द्वारा निर्मित यह लघु फिल्म आगरा के सुप्रसिद्ध समाजसेवी व उद्यमी पूरन डावर जी के पूज्य माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती सतवंती डावर जी एवं स्वर्गीय श्री लालचंद डावर जी की पावन स्मृति को सादर समर्पित की गई है।
समारोह में मुख्य अतिथियों के रूप में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा के सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, श्री सोमनाथ धाम के पूज्य संत जहाजनाथ जी महाराज, प्रसिद्ध उद्यमी पूरन डावर और संस्कार भारती के बांकेलाल गौड़ की उत्साहवर्धक उपस्थिति रही। अतिथियों ने भगवान झूलेलाल जी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और सनातन परंपरा के प्रतीक स्वरूप मंच पर घंटी बजाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
संत कंवर राम जी का जीवन दर्शन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: प्रो. एसपी सिंह बघेल
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि संत साईं कंवर राम जी का संपूर्ण जीवन त्याग, भक्ति, मानवता और निस्वार्थ सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनका जीवन दर्शन आज की युवा पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणा स्रोत है। उनके चरित्र और पावन स्मृतियों को समर्पित यह आयोजन हम सभी के लिए गौरव, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद का क्षण है।
प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी को संत कंवर राम जी जैसे महान संतों के जीवन मूल्यों, उच्च आदर्शों और चरित्र को अपने दैनिक जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। इंदौर सांसद शंकर लालवानी एवं अन्य अतिथियों ने ‘राजकुमार सामा विचार मंच’ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महान संतों पर बनने वाली ऐसी फिल्में सनातन संस्कृति, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।
भावपूर्ण दृश्यों और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित फिल्म प्रीमियर के दौरान संत साईं कंवर राम जी के जीवन से जुड़े मार्मिक, प्रेरक और भक्तिपूर्ण दृश्यों को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। सुमधुर भजनों और संगीत से सजी इस फिल्म को देखकर पूरा सभागार ‘जय झूलेलाल!’ और ‘संत साईं कंवर राम जी अमर रहें!’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। फिल्म में संत साईं कंवर राम जी की मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता जितेश आसीवाल की जीवंत प्रस्तुति की सभी ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर राजकुमार सामा विचार मंच के संयोजक रंजीत सामा, विजय सामा (फिल्म निर्माता), सह निर्माता नारायण दास लालवानी, कमल मतलानी, नरेंद्र कश्यप ‘गुन्नी भाई’, लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी, गीतकार संजय दुबे, स्टोरी आइडिया प्रस्तुतकर्ता धर्मपाल कश्यप ‘बाबू भाई’ और व्यवस्था प्रमुख जयरामदास ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन विजय सामा ने किया।
समारोह में घनश्याम देवनानी, चंद्र प्रकाश सोनी, गिरधारी लाल भगत्यानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, निर्मला दीक्षित, सुधीर भोजवानी, हेमंत भोजवानी, विनोद शीतलानी, प्रमोद महाजन, राहत जहां खानम, पूर्व राजा जनक प्रमोद वर्मा, जेठा भाई, परमानंद अवतानी सहित सिंधी समाज के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर JDU का शंखनाद, वाराणसी के सम्मेलन में निशांत कुमार और संजय झा ने भरी हुंकार - November 1, 2026
- दीपावली से पहले झुनझुना बजाकर सोए जनप्रतिनिधियों को जगाया: यमुना की दुर्दशा पर आगरा में रिवर एक्टिविस्ट्स का अनोखा प्रदर्शन - November 1, 2026
- आगरा में पीईटी परीक्षा के अंतिम दिन अभ्यर्थियों की भीड़ से यातायात व्यवस्था चरमराई: एमजी रोड पर लगा 1 किलोमीटर लंबा जाम, फंसी रही एंबुलेंस - November 1, 2026