आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा

PRESS RELEASE

आगरा। हरे राम, हरे कृष्ण के महामंत्र की गूंज, ढोल-मंजीरों की मधुर धुन और प्रभु भक्ति में लीन सैकड़ों श्रद्धालु। अवसर था श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 वर्ष पूर्ण होने का। मंगलवार को डिफेंस एस्टेट फेस-1 स्थित श्री दुर्गा मां मंदिर से निकली भव्य संकीर्तन यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

यात्रा में श्री जगन्नाथ मंदिर, इस्कॉन आगरा के संकीर्तन साधकों, श्री हरि सत्संग समिति के विद्यालय में रामकथा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं झारखंड की 45 महिलाओं तथा नित्य प्रभात फेरी से जुड़े सैकड़ों साधकों ने सहभागिता की। श्रद्धालु हरे राम, हरे कृष्ण महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने प्रभु के नाम का गुणगान किया।

श्री हरि सत्संग समिति के अध्यक्ष शांति स्वरूप गोयल ने बताया कि 15 सितंबर 2011 को श्री दुर्गा मां मंदिर, डिफेंस एस्टेट फेस-1 से नित्य प्रभात फेरी संकीर्तन यात्रा का शुभारंभ किया गया था। प्रभु की कृपा से यह आध्यात्मिक परंपरा पिछले 15 वर्षों से अनवरत और सुचारू रूप से चल रही है।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन प्रातः मंदिर से प्रारंभ होकर प्रभात फेरी पूरे क्षेत्र का भ्रमण करती है। इसका उद्देश्य जन-जन को प्रभु के नाम से जोड़ना, आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा सकारात्मकता की भावना को मजबूत करना है।

इस्कॉन आगरा के अरविंद स्वरूप ने बताया कि श्रीमद्भागवत के अंतिम श्लोक में नाम संकीर्तन की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया है कि “नाम संकीर्तनं यस्य सर्व पाप प्रणाशनम्।”

अर्थात प्रभु के नाम का संकीर्तन समस्त पापों और कष्टों के नाश का आध्यात्मिक मार्ग है।

श्री दुर्गा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भगवान दास बंसल ने बताया कि सनातन धर्म में नाम संकीर्तन को भक्ति का सहज और प्रभावशाली माध्यम माना गया है। प्रभात फेरी में इसका विशेष महत्व है। प्रातःकाल प्रभु स्मरण के साथ दिन की शुरुआत करने से सकारात्मक विचारों को प्रोत्साहन मिलता है। वहीं, सामूहिक संकीर्तन लोगों को आपसी प्रेम, सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश देता है।

यात्रा का विशेष आकर्षण झारखंड की वे 45 महिलाएं रहीं, जो श्री हरि सत्संग समिति के विद्यालय में रामकथा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। महिलाओं ने संकीर्तन यात्रा में शामिल होकर प्रभु के नाम का गुणगान किया।

समिति द्वारा रामकथा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन, कथा वाचन और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

नित्य प्रभात फेरी में प्रतिदिन संकीर्तन को स्वर देने वालों में केके उपाध्याय, चेतन स्वरूप भारद्वाज, छाया पाराशर और संत कुमार प्रजापति प्रमुख हैं।

भव्य संकीर्तन यात्रा के दौरान विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। श्री हरि सत्संग समिति के संरक्षक संजय गोयल, महिला मंडल अध्यक्ष अंशु अग्रवाल, विशम्भर गोयल, रमेश चंद्र मित्तल, भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, बनवारी लाल, डीपी अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh