आगरा। ताजनगरी के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में एक शातिर चोर ने फिल्मी अंदाज में शोरूम में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर ने काउंटर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद पार कर दिए। यह घटना हाथरस रोड स्थित अंबेडकर तिराहे के पास ‘हरेंद्र एंटरप्राइजेज’ नामक शोरूम में गुरुवार देर रात हुई। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पेड़ के सहारे छत पर चढ़ा और केबल से उतरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर शोरूम के बाहर लगे एक पेड़ के सहारे छत पर पहुंचा। इसके बाद उसने वहां लगे लोहे के जाल की पत्तियां तोड़ीं और एक केबल के सहारे शोरूम के अंदर दाखिल हो गया। शुक्रवार सुबह जब शोरूम मालिक राजवीर सिंह दुकान पहुंचे, तब उन्हें ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शोरूम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
शाम 4 बजे की थी रेकी, 10 मिनट तक शोरूम में रहा चोर
पीड़ित राजवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि आरोपी शाम करीब चार बजे भी शोरूम के आसपास रेकी (जांच-पड़ताल) कर रहा था। उस वक्त ग्राहकों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण किसी का ध्यान उस पर नहीं गया। रात करीब दो बजे चोर ने घटना को अंजाम दिया। वह लगभग 10 मिनट तक शोरूम के अंदर रहा। इस दौरान उसने अलमारी के ताले तोड़े और गोदाम में रखा सामान भी खंगाला। वारदात को अंजाम देने के बाद वह उसी रास्ते से बाहर निकल गया, जहां से वह घुसा था।
2018 में भी हो चुकी है 6 लाख की चोरी
गौरतलब है कि इस शोरूम में पहले भी एक बड़ी चोरी की वारदात हो चुकी है। 12 फरवरी 2018 को अज्ञात चोरों ने शोरूम से भारी नकदी के साथ-साथ बैटरी और इन्वर्टर चोरी कर लिए थे। उस घटना में मालिक को करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ था। पुलिस अब पुरानी घटना और वर्तमान सीसीटीवी फुटेज दोनों को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है और जल्द ही चोर की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
- आगरा के SN मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का कमाल: चार वर्षीय मासूम की भोजन नली में पांच दिन से फंसे ₹5 के सिक्के को एंडोस्कोपी से निकाला बाहर - September 19, 2026
- फतेहपुर सीकरी में श्मशान घाट को लेकर उपजा विवाद: टीन शेड डलवाने को लेकर हुए धरने-प्रदर्शन के बाद सांसद राजकुमार चाहर के हस्तक्षेप से निकला समाधान - September 19, 2026
- महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा: आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से जूतों के सोल में छिपाकर निकाले गए थे प्रश्नपत्र, 3500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल - September 19, 2026