आगरा। मन की उड़ान संस्था द्वारा खंदारी बायपास रोड स्थित होटल लेमन ट्री में हरियाली तीज उत्सव एवं हस्तकला प्रदर्शनी ‘सावन सूत्र बाजार’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में हरियाली तीज की पारंपरिक छटा के साथ महिला स्वावलंबन और उनके हुनर को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। प्रदर्शनी में बस्तियों में रहने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने उनके हुनर की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, बीना लवानिया, अशु मित्तल, तनुजा मांगलिक, नीरज गुप्ता, संस्था के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल एवं अध्यक्ष चंचल गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके हुनर को उचित मंच और बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने कहा कि महिला उद्यमिता और स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की प्रदर्शनियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिलने से उनके स्वावलंबन को बल मिलता है।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने कहा कि हस्तकला और घरेलू स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को बाजार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महिलाओं के हुनर को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
संस्था की अध्यक्ष चंचल गुप्ता ने कहा कि ‘सावन सूत्र बाजार’ के माध्यम से हरियाली तीज की खुशियों को महिला स्वावलंबन से जोड़ा गया है। संस्था का उद्देश्य ऐसी महिलाओं और बालिकाओं को मंच प्रदान करना है, जिनमें हुनर तो है, लेकिन उसे प्रदर्शित करने और बाजार तक पहुंचाने के अवसर सीमित हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे आयोजन करती रहेगी।
हस्तकला प्रदर्शनी में 40 स्टॉल्स लगाई गई।
कार्यक्रम में हरियाली तीज के अवसर पर मेहंदी, गेम्स और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सावन और तीज के पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। हस्तकला प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सभी अतिथियों का स्वागत संस्था की सचिव कविता रजवानी, उपाध्यक्ष अंकित जैन एवं कोषाध्यक्ष मीरा थापर ने किया। कार्यक्रम में शहर सचिव पवन सिसोदिया, संगीता गुप्ता, मयंक अग्रवाल, ऋतिक वार्ष्णेय, चारू शर्मा, अमित जैन आदि उपस्थित रहे।
- आगरा में तीज के उल्लास संग सजा ‘सावन सूत्र बाजार’: महिला स्वावलंबन और हस्तकला का दिखा अनूठा संगम - August 14, 2026
- Agra News: आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कारों का संदेश लेकर निकली कलश यात्रा, श्रीमद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ - August 14, 2026
- आगरा में लायंस क्लब प्रयास की अनूठी पहल: दयालबाग की ‘एक पहल पाठशाला’ में 500 बच्चों को बांटी गई यूनिफॉर्म, डेढ़ लाख की मदद - August 14, 2026