आगरा छावनी परिषद कार्यालय में भारी हंगामा: जमीन विवाद के बीच महिला ने खुद पर डाला पेट्रोल, मची अफरा-तफरी

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा के छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) कार्यालय में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब जमीन विवाद के निपटारे की मांग को लेकर पहुंची महिलाओं के एक समूह ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। स्थिति तब और भी भयावह हो गई जब प्रदर्शन के बीच एक महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। कार्यालय परिसर में मौजूद महिला कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए महिला को काबू में किया और एक बड़े हादसे को टाल दिया।

जमीन विवाद पर सुनवाई न होने से था आक्रोश

जानकारी के मुताबिक, बालूगंज क्षेत्र की रहने वाली कुछ महिलाएं अपनी जमीन से जुड़े पुराने विवाद के समाधान के लिए छावनी परिषद कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं का आरोप है कि लंबे समय से उनका मामला लंबित पड़ा है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुनवाई नहीं की जा रही है। इसी बात से नाराज होकर आज ये महिलाएं कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गईं और नारेबाजी शुरू कर दी।

​पेट्रोल उलीचते ही कार्यालय में मचा कोहराम

प्रदर्शन के दौरान अचानक एक महिला ने अपने पास छिपी पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर उड़ेलना शुरू कर दिया। उसे ऐसा करते देख कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी और कर्मचारी सकते में आ गए। इसी बीच, मौके पर मौजूद महिला कर्मचारियों ने बिना देरी किए महिला को दबोच लिया। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बाल्टियों से महिला पर पानी डालना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला पर करीब 10 से 15 बाल्टी पानी डाला गया, ताकि पेट्रोल का असर बेअसर हो सके।

आधे घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

इस पूरी घटना के दौरान कार्यालय परिसर में करीब आधे घंटे तक तनाव का माहौल बना रहा। महिला लगातार अपनी मांगों को दोहराते हुए चीखती-चिल्लाती रही। किसी तरह अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और अन्य प्रदर्शनकारी महिलाओं को कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया।

इस घटना के बाद अब छावनी परिषद कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर प्रदर्शनकारी महिलाएं पेट्रोल जैसी ज्वलनशील वस्तु अंदर तक कैसे ले आईं। फिलहाल, अधिकारी पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। लंबे समय से चल रहा यह जमीन का विवाद अब एक प्रशासनिक संकट के रूप में सामने आ गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh