श्री जगन्नाथ महाराज के ‘नवयौवन’ दर्शन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बेलनगंज मंदिर में भव्य नयन उत्सव

RELIGION/ CULTURE

प्रथम दर्शन परम आनंद: जय जगन्नाथ… यमुना तट पर सजे श्री जगन्नाथ के नवयौवन दर्शन, महामंत्रों के बीच हुई पूर्णाहुति

महा हवन के साथ हुआ श्री जगन्नाथ प्रभु के नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव का शुभारंभ

दिव्य दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, 16 जुलाई को होंगे श्री जगन्नाथ जी की शोभायात्रा के दर्शन एवं महाप्रसादी

आगरा। यमुना किनारा, बेलनगंज स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ जी महाराज मंदिर में मंगलवार को श्री जगन्नाथ प्रभु के नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ महा हवन द्वारा हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने महामंत्र एवं भगवान जगन्नाथ के जयघोष के साथ पूर्णाहुति अर्पित की तथा विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

हवन के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के नवयौवन स्वरूप के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रभु के प्रथम दर्शन कर स्वयं को धन्य माना। मंदिर परिसर दिनभर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा।

मंदिर के सेवायत पंडित लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि स्नान यात्रा के उपरांत भगवान कुछ दिनों तक एकांत विश्राम (अनवसर) में विराजमान रहते हैं। इसके बाद जब भगवान पुनः भक्तों को दर्शन देते हैं, तो उसे नवयौवन दर्शन कहा जाता है। यह अवसर भगवान के नवीन, तेजस्वी एवं मनोहारी स्वरूप के दर्शन का अत्यंत दुर्लभ और पुण्यदायी पर्व माना जाता है।

मंदिर की मुखिया सरिता शर्मा ने बताया कि नयन उत्सव का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। मान्यता है कि स्नान यात्रा के बाद भगवान विश्राम कर पुनः स्वस्थ होकर जब भक्तों को प्रथम दर्शन देते हैं, तब उनके दर्शन करने से जीवन में सुख, समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी कारण इस पर्व को ‘नयन उत्सव’ कहा जाता है, क्योंकि लंबे अंतराल के बाद भक्तों की आंखें अपने आराध्य के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर तृप्त होती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से रथयात्रा महोत्सव में सहभागिता का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि 16 जुलाई (गुरुवार) को श्री जगन्नाथ जी की शोभायात्रा के दर्शन सायं 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक होंगे। वहीं महाप्रसादी का वितरण सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रभु के दर्शन एवं महाप्रसादी का लाभ लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में स्नेहा शर्मा, चिराग शर्मा, पूनम भारद्वाज, रवि राठौर, पवन सिंघल, तरंग सिंघल, राकेश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, राजेश खंडेलवाल आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh