आगरा। ताजनगरी का छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर मंगलवार को उस समय अपूर्व आध्यात्मिक चेतना और अगाध आस्था का मुख्य केंद्र बन गया, जब वहां तीन महान संत संघों का ऐतिहासिक ‘वात्सल्य मंगल मिलन’ संपन्न हुआ।
अंकलीकर परम्पराचार्य आचार्य श्री सौभाग्य सागर महाराज ससंघ, स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य महाराज ससंघ तथा मुनिश्री समत्व सागर महाराज एवं मुनिश्री शीलसागर महाराज ससंघ के इस अलौकिक मिलन के हजारों श्रद्धालु साक्षी बने।
श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक उल्लास से ओतप्रोत इस दुर्लभ घड़ी में समूचा वातावरण ‘जय-जय गुरुदेव’ और ‘जय जिनेन्द्र’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
आध्यात्मिक उत्सव की शुरुआत मंगलवार सुबह 7 बजे हुई, जब अंकलीकर परम्पराचार्य आचार्य श्री सौभाग्य सागर महाराज एवं स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य महाराज ने अपने-अपने भव्य संघों के साथ ताजगंज स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से मंगल विहार का शुभारंभ किया। सुमधुर बैंड-बाजों की धुनों, लहराती धर्मध्वजाओं और गूंजते जयघोष के बीच संतों का यह काफिला बिजलीघर चौराहे सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होता हुआ छीपीटोला जैन मंदिर पहुंचा। पूरे रास्ते में उमड़े श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर संतों पर पुष्पवर्षा की और उनका भव्य स्वागत-अभिनंदन किया।
छीपीटोला जैन मंदिर के मुख्य द्वार पर मुनिश्री समत्वसागर महाराज एवं मुनिश्री शीलसागर महाराज ससंघ ने पूर्ण वात्सल्य भाव के साथ पूज्य आचार्य श्री सौभाग्य सागर महाराज ससंघ की अगवानी की। जैसे ही इन तीनों पूज्य संत संघों का आमना-सामना हुआ, वहां उपस्थित जनसमुदाय भाव-विभोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने परम विनय भाव से वंदना करते हुए आचार्यश्री व मुनिसंघ से मंगल आशीर्वाद लिया। भक्तों ने इस ऐतिहासिक वात्सल्य मिलन को अपने जीवन का सबसे सुखद और अविस्मरणीय क्षण बताया।
इस अद्भुत मंगल मिलन के पश्चात मंदिर जी में देव-शास्त्र-गुरु की आराधना के तहत जिनाभिषेक और दर्शन संपन्न हुए। इसके बाद तीनों संत संघ एक साथ पदविहार करते हुए निर्मल सदन स्थित मुख्य धर्मसभा स्थल की ओर बढ़े। इस दौरान भी पूरे मार्ग में भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था, जो लगातार पुष्पवृष्टि कर वातावरण को धर्ममय बनाए हुए थे।
धर्मसभा स्थल पर छीपीटोला पंचायती मंदिर कमेटी एवं आगरा दिगम्बर जैन परिषद के पदाधिकारियों ने परम पूज्य आचार्य श्री सौभाग्य सागर महाराज के पावन चरणों का प्रक्षालन कर अगाध श्रद्धा व्यक्त की। साथ ही, गुरु परंपरा के प्रति अपनी अटूट निष्ठा प्रकट करते हुए समस्त आचार्य संघ को शास्त्र भेंट किए।
निर्मल सदन के विशाल प्रांगण में आयोजित भव्य धर्मसभा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री समत्व सागर महाराज ने कहा कि गुरु परंपरा का वात्सल्य और संतों का आपसी अनुराग पूरे जैन समाज के लिए एक महान प्रेरणा है। जब महान संत एक मंच पर विराजते हैं, तो समाज को धर्म, अनुशासन, उत्तम संस्कार और सुदृढ़ संगठन की एक नई और सही दिशा मिलती है।
उन्होंने सभी से धर्म साधना, आत्म-संयम और सदाचार को जीवन का मूल आधार बनाने की प्रेरणा देते हुए इस मिलन को समाज की एकता और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का अनुपम प्रतीक बताया।
इसी पावन अवसर पर जयपुर हाउस जैन समाज के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने अंकलीकर परम्पराचार्य आचार्य श्री सौभाग्य सागर महाराज ससंघ के चरणों में श्रीफल अर्पित कर उनसे श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, जयपुर हाउस में आगामी मंगल चातुर्मास करने का अत्यंत विनम्र निवेदन किया।
धर्मसभा में उपस्थित जनसमूह को आशीष देते हुए स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य महाराज ने कहा कि संतों का यह मिलन मात्र किन्हीं व्यक्तियों का मिलन नहीं है, बल्कि यह सनातन जैन धर्म, महान संस्कारों और आत्म-जागृति का महापर्व है। ऐसे दुर्लभ और अलौकिक संयोग समाज में परस्पर एकता, सौहार्द और आध्यात्मिक चेतना को एक नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज से सांसारिक मोह त्याग कर धर्ममय जीवन शैली अपनाने और संयम के पथ पर अग्रसर होने का आह्वान किया।
इस ऐतिहासिक धार्मिक समागम में न केवल आगरा, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में जैन समाज के प्रबुद्धजन और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, वैराग्य और आनंद की त्रिवेणी बहती रही।
कार्यक्रम का कुशल संचालन पंडित विजय जैन द्वारा किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर मुख्य रूप से मनोज जैन बल्लो, मुरारीलाल जैन, दीपक जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, अभिषेक जैन, आशु बाबा, सतेन्द्र जैन, राकेश जैन परर्देवाले, दीपक जैन, सुबोध पाटनी, नीरज जैन (जिनवाणी चैनल), राजीव जैन, दिलीप जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित एनसीसी क्लब छीपीटोला के सभी सदस्य तथा छीपीटोला जैन समाज के अनगिनत गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- आगरा कैंट मारपीट मामला: पीड़ित अधिकारी की पत्नी की आत्मदाह की चेतावनी, बहन का रेल ट्रैक पर हंगामा - July 15, 2026
- रेलवे में ‘आरपीएफ बनाम कर्मचारी’ का महासंग्राम: डीएसएस से मारपीट के विरोध में 30 शहरों में सड़क पर उतरे रेलकर्मी, सख्त कार्रवाई की मांग - July 14, 2026
- आगरा में हाई-वोल्टेज ड्रामा: गेस्ट हाउस में पति ने पत्नी को दूसरे युवक के साथ रंगे हाथों पकड़ा, मचा हड़कंप - July 14, 2026