आगरा। बाबा भोलेनाथ दियालेश्वर मेला समिति की ओर से रक्षाबंधन के पर्व पर बोदला में लगने वाले रक्षाबंधन पर भुजरिया मेले की 50 साल पुरानी परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी। तीन दिवसीय पारंपरिक मेले का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। बोदला चौराहे पर मेले का औपचारिक उद्घाटन कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता लाल सिंह लोधी और पार्षद मीनाक्षी वर्मा ने फीता काटकर किया।
मुख्य अतिथि योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि रक्षाबंधन पर लगने वाला यह भुजरिया मेला क्षेत्र की वर्षों पुरानी परंपरा है। इसका उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सर्व समाज को एकजुट करना और नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और लोक उत्सवों से परिचित कराना है। मेले में दूर-दराज और आसपास के क्षेत्रों से लोग परिवार के साथ पहुंचते हैं। खासकर मायके आईं बहन-बेटियों के लिए यह मेला आकर्षण का केंद्र रहता है।
मेला कमेटी के अध्यक्ष मुकेश राजपूत, महासचिव अमरेन्द्र सिंह राजा, कोषअध्यक्ष सुनील तोमर ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। मेले में रंग-बिरंगी दुकानों और आकर्षक स्टॉलों के साथ तरह-तरह के झूले लगाए गए हैं। बच्चों के लिए खिलौने और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, वहीं महिलाओं और परिवारों के लिए खरीदारी के लिए विभिन्न स्टॉल सजाए गए हैं। मेला समिति की ओर से भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। मेले में रक्षाबंधन का उल्लास, ग्रामीण लोक संस्कृति और पारिवारिक मेल-मिलाप का रंग देखने को मिला।
आज से होगा रसिया का आयोजन
मीडिया प्रभारी पुष्पेंद्र गोस्वामी ने बताया कि मेले में दो दिनों तक रसिया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। लोक संस्कृति से जुड़े इस आयोजन में कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। रसिया प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागी को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। मेले को लेकर प्रशासन की ओर से भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ और यातायात को देखते हुए वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए रूट डायवर्जन किया गया है।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सुनील तोमर, रमेश चन्द राजपूत, पूरन पंडित, राधेश्याम काका, अशोक तोमर, पुष्पेंद्र गोस्वामी, अर्जुन सिंह, सतीश कुशवाहा, हैप्पी तोमर, केशव कुशवाह, रतन सिंह आदि मौजूद रहे।
- आगरा के मनःकामेश्वर मंदिर में रक्षाबंधन पर दिखा भक्ति का अद्भुत संगम: रजत वासुकी की शैया पर विराजे बाबा, सजा अनंत राजभोग का दरबार - August 28, 2026
- आगरा के दयालबाग में बहन के घर आई 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं - August 28, 2026
- आगरा के बोदला में जीवंत हुई 50 साल पुरानी परंपरा: रक्षाबंधन पर भुजरिया मेले का कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया शुभारंभ, दिखी लोक संस्कृति की झलक - August 28, 2026