आगरा। सोशल मीडिया आज आम लोगों की आवाज बुलंद करने और सूचनाओं के आदान-प्रदान का सबसे सुलभ माध्यम बन गया है, लेकिन इसके बढ़ते दुरुपयोग ने अफवाह, नफरत और ट्रोलिंग जैसी गंभीर चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं। किसी भी खबर या संदेश पर आंख मूंदकर यकीन करने के बजाय उसकी सत्यता परखना और इस मंच का जिम्मेदारी से उपयोग करना समय की मांग है। रविवार शाम यूथ हॉस्टल के सभागार में सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘जन कला मंच’ द्वारा आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने यह विचार साझा किए। यह संगोष्ठी ‘सोशल मीडिया में आम ओ खास की भागीदारी’ विषय पर केंद्रित रही।
मुख्य अतिथि डॉ. जहांगीर अल्वी ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए पल भर में सूचनाएं और समाज के घटनाक्रम की जानकारी मिल जाती है, मगर भ्रामक जानकारियां फैलाकर अफवाह और नफरत फैलाने की प्रवृत्ति भी बढ़ी है। ऐसे में किसी भी पोस्ट या दावे पर भरोसा करने से पूर्व उसकी पुष्टि आवश्यक है। संस्था के सरपरस्त डॉ. जे.एन. टंडन ने कहा कि पहले जिन सूचनाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था, वे अब तुरंत उपलब्ध हैं। उन्होंने जोर दिया कि वास्तविक सफलता वायरल होने में नहीं, बल्कि विचारवान बनने में निहित है।
ट्रोलिंग, साहित्यिक प्रभाव और मंच की भूमिका पर चर्चा
विशिष्ट अतिथि सरोज सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय ट्रोलर्स ने सभ्य लोगों के लिए चुनौतियां बढ़ा दी हैं। आपत्तिजनक टिप्पणियों से केवल महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी आहत होते हैं, हालांकि इसके दुरुपयोग का महिलाओं पर विशेष रूप से प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। अमीर अहमद एडवोकेट ने कहा कि इस माध्यम ने उन वरिष्ठ शायरों को भी पहचान दिलाई, जिन्हें पहले उपयुक्त मंच नहीं मिल पाता था। बावजूद इसके, ऑनलाइन प्रस्तुति की तुलना में साहित्यिक आयोजनों में रूबरू प्रस्तुति का प्रभाव अधिक गहरा और स्थायी होता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने लोगों को जोड़ने के साथ-साथ दूरियां भी बढ़ाई हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ओम ठाकुर ने कहा कि पत्रकारिता उनका पेशा रही है और सोशल मीडिया नई प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ का जन सम्मान
आयोजन के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक डॉ. महेश धाकड़ को मंचासीन अतिथियों और संस्था पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर जन सम्मान से अलंकृत किया। आभार व्यक्त करते हुए डॉ. धाकड़ ने कहा कि सोशल मीडिया की पहुंच अब सामान्य जन तक हो चुकी है और लोग अपनी बात मजबूती से रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता इसके सदुपयोग की है, दुरुपयोग की नहीं।
कविता, शायरी और जल संरक्षण के नाटक ने बटोरी तालियां
गोष्ठी के बाद हुए साहित्यिक-सांस्कृतिक सत्र में गीत, कविता और शायरी की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शायर अमीर अहमद अकबराबादी, कवि यादराम सिंह कविकिंकर, कमल इलाहाबादी, संजय सिंह, दाऊद इकबाल एडवोकेट, अनिल कुमार तिवारी, चांद अकबराबादी, संजीव चौहान और ऋषभ ठाकुर ने अपनी रचनाएं सुनाईं।
अमीर अहमद अकबराबादी ने पढ़ा—
“इमारत वफा की दरकने लगी है,
मैं बुनियाद में कुछ नमी पा रहा हूं।”
यादराम सिंह कविकिंकर ने सुनाया—
“शक्ति भर अंधियार से लड़ता रहूंगा,
दम्भ काली रात का हरता रहूंगा।”
दाऊद इकबाल ने कहा—
“दुनिया को कार-ए-हुस्न पे शक तो नहीं गया,
आंचल तुम्हारे सर से सरक तो नहीं गया।”
कमल इलाहाबादी ने मां के आशीर्वाद और संघर्ष पर आधारित रचना प्रस्तुत की—
“मां, ऐ मां तेरी दुआओं का मुझ पर असर हो रहा है,
ये बेदर्द जमाना मेरा हमसफर हो रहा है।”
संजीव चौहान शारिक ने वंचितों की पीड़ा को शब्दों में पिरोया—
“जो हैं मजलूम, उनकी जुबानी लिखूं,
चीख लिखूं मैं लाचार मजबूर की।”
संजय कुमार ने संस्कार, परिश्रम और पारिवारिक सामंजस्य पर केंद्रित रचना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में ‘आज बचाओगे जो जल, काम आएगा वह कल’ विषय पर विशाल रियाज लिखित लघु नाटक ‘तीसरा विश्व युद्ध’ का भी मंचन हुआ। विशाल और असलम खान के अभिनय ने जल बचाने का संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
आयोजन में समाजसेवी सुबोध गोयल, चौधरी अली साबरी, शिवराज यादव, असलम खान और गुलाब सिंह का विशेष सहयोग रहा। सेंट जॉन्स कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. मधुरिमा शर्मा, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, अब्दुल कुद्दूस, सैयद अख्तर, मुबीन शाह, रशीद अल्वी, मजाज कुरैशी, अनवर आलम, धर्मजीत सिंह, प्रदीप विरवानी और नरेश तन्हा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। संचालन विशाल रियाज और धन्यवाद ज्ञापन गुलाब सिंह ने किया।
- ‘योगी की पाती’ में छलका सीएम का दर्द: मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हुए योगी, शेयर किया पहली भिक्षा का संस्मरण - November 23, 2026
- ‘योगी की पाती’ में छलका सीएम का दर्द: मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हुए योगी, शेयर किया पहली भिक्षा का संस्मरण - November 23, 2026
- आगरा के यूथ हॉस्टल में गोष्ठी व सांस्कृतिक संध्या; वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ सम्मानित, ‘तीसरा विश्व युद्ध’ नाटक ने दिया जल संरक्षण का संदेश - November 23, 2026