उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बदनोली गांव में हुई जातीय हिंसा के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। जाट और दलित समाज के लोगों के बीच आपसी विवाद और झड़प के दौरान हुई गोलीबारी व पथराव में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से गंभीर रूप से घायल दलित युवक दीपक की मेरठ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है।
इस घटना के बाद से दलित समाज के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संवेदनशील मामले पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती और नगीना से सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मायावती बोलीं— सरकार आरोपियों को सजा दे और पीड़ित परिवार की सहायता करे
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, “यूपी के जिला हापुड़ के थाना हापुड़ नगर के अंतर्गत दो समुदायों में हुई आपसी रंजिश व झड़प में घायल हुए दलित समाज के लोगों में से एक व्यक्ति की आज हुई मौत अति-दुखद है। सरकार आरोपियों को कानूनी सजा के साथ-साथ पीड़ित परिवार की भी सहायता जरूर करे तो यह उचित होगा। वैसे भी आपसी रंजिशों का खून-खराबे में बदल जाना अति-निंदनीय एवं चिंतनीय है तथा ऐसी घटनाओं को सरकारी हस्तक्षेप आदि से हर हाल में रोका जाना चाहिए ताकि विवाद संघर्ष तक न पहुंच पाए।”
चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस की कार्यशैली और लापरवाही पर उठाए सवाल
वहीं, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए एक्स पर लिखा, “जिला हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में 4 सितंबर को पुरानी रंजिश के चलते दलितों के घरों में घुसकर पथराव और फायरिंग की घटना में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। गंभीर रूप से घायल दीपक की 5 सितंबर की रात उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए आगे कहा, “सबसे गंभीर बात यह है कि पहले से चल रहे विवाद और दर्ज मुकदमों के बावजूद समय रहते हिंसा रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। पुलिस की इस लापरवाही का खामियाजा आज एक परिवार को अपने बेटे की जान गंवाकर भुगतना पड़ा है।”
पीड़ित परिवार को न्याय और उचित आर्थिक सहायता की मांग
नगीना सांसद ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। घटना से पहले की परिस्थितियों, पुलिस की भूमिका और हिंसा रोकने में हुई चूक की भी पूरी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। दलित पक्ष पर हमला करने वाले सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा पीड़ित परिवार को न्याय, पूर्ण सुरक्षा और उचित आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि मृतक दीपक के परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। इस दुख की घड़ी में भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की जिला टीम और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सह हापुड़ विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिरिश ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और वीडियो कॉल के माध्यम से उनकी पीड़ित परिवार से बात भी कराई।
- आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल में दर्शन ड्योढ़ी का भव्य उद्घाटन: रिमझिम वर्षा के बीच संगत को समर्पित हुआ नया प्रवेश द्वार, अब दोगुनी होगी लंगर हॉल की क्षमता - September 6, 2026
- श्याम बाबा की भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंग में रंगा नंदोत्सव: राजा जनक-सुनैना के स्वरूपों का हुआ अभिनंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन - September 6, 2026
- Agra News: फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़; हुसैनापुर रोड पर फायरिंग के बाद एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार - September 6, 2026