लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गुरुवार को लखनऊ में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ में पांच साल के भीतर 25 लाख सरकारी नौकरियां, बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये की पेंशन और किसानों की कर्जमाफी जैसे बड़े वादों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पांच बिंदुओं में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मायावती ने सपा के घोषणापत्र को ‘धन-मन वादी’ और ‘थोथा चना बाजे घना’ करार दिया।
‘पीडीए की तरह कोरा हवा-हवाई है सपा का प्रण-पत्र’
मायावती ने अपने बयान के पहले बिंदु में कहा कि सपा द्वारा ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से जारी किया गया प्रण-पत्र पार्टी के कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवा-हवाई तथा ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करने वाला है। दूसरे बिंदु में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों के वास्तविक हित, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध संकीर्ण, जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के हालिया द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना इसका ताजा उदाहरण है। मायावती ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन की गंभीर समस्याएं कैसे दूर हो सकती हैं।
’धन-मन वादी’ घोषणापत्र और बाहुबलियों को टिकट देने का आरोप
तीसरे बिंदु में बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इन तथ्यों से यह स्पष्ट होता है कि सपा का ‘जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी समाज के अच्छे लोगों के स्थान पर ऐसे धनी और बाहुबली लोगों को चुनाव मैदान में उतारती है, जो जनहित के बजाय अपने स्वार्थ में डूबे रहते हैं।
चारों बसपा सरकारों के एजेंडे का जिक्र, सपा-भाजपा-कांग्रेस पर निशाना
चौथे बिंदु में मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ विशुद्ध रूप से बसपा की नीति और सिद्धांत हैं, जिन पर उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज व सर्वजन-हितैषी एजेंडे के तहत ईमानदारी से अमल किया गया। उन्होंने दावा किया कि यह सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियों के बलबूते की बात नहीं है।
आरक्षण और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर चेताया
पांचवें और अंतिम बिंदु में मायावती ने सपा पर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैये तथा प्रदेश को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त बनाने के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इन धब्बों को नहीं भूल सकती। उन्होंने सपा के वादों व दावों को चुनावी छल व छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।
- ‘योगी आदित्यनाथ 35.29% के साथ सीएम पद की पहली पसंद’ — यूपी ओपिनियन पोल में अखिलेश यादव की पार्टी को सत्ता की कमान - November 27, 2026
- सपा का ‘जन-मन घोषणापत्र’ ‘धन-मन वादी’ और ‘थोथा चना बाजे घना’… मायावती ने अखिलेश के घोषणा पत्र पर साधा निशाना - November 27, 2026
- सपा का ‘जन-मन घोषणापत्र’ ‘धन-मन वादी’ और ‘थोथा चना बाजे घना’… मायावती ने अखिलेश के घोषणा पत्र पर साधा निशाना - November 27, 2026