Mathura (Uttar Pradesh, India)। मथुरा। रविवार को महावन के एक स्कूल के पीछे एक युवक का शव बरामद हुआ है। वहीं वृंदावन के आश्रय सदन में एक बंगाली महिला का जला शव मिला। महावन के श्रीकृष्ण इंटर कालेज के पीछे युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव के पास से फॉरेंसिक टीम ने जो साक्ष्य जुटाए हैं उन्हें लेकर पुलिस टीमें जांच में जुट गई हैं। मृतक युवक के शिर पर चोट के निशान हैं। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है किसी ने हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया है।
जिस कक्ष में गायत्री डे रहती थीं, उसमें कुल पंद्रह महिलाएं रहती हैं
पश्चिम बंगाल के गोपालपुरा जिले के गांव बांकुड़ा निवासी गायत्री डे (72) वृंदावन की चैतन्य विहार कालोनी स्थित सीताराम महिला आश्रय सदन में पिछले नौ साल से रह रही थीं। सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनका 70 फीसद जला हुआ शव छत पर बने शेड में पड़ा मिला। महिला के तन पर कपड़े नहीं थे। आश्रय सदन प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया, जिस कक्ष में गायत्री डे रहती थीं, उसमें कुल पंद्रह महिलाएं रहती हैं। शनिवार की शाम सभी महिलाओं का टीवी और कोविड-19 का टेस्ट कराया गया था। छत पर गायत्री डे के पहुंचने और जलने की जानकारी उनको सुबह हो सकी। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारियों को पूछताछ में अन्य साथी निराश्रित महिलाओं ने बताया कि, उन्होंने किसी प्रकार की कोई चीख-पुकार नहीं सुनी। सुबह जब महिलाएं छत पर धूप सेकने को गईं, तब गायत्री डे की मौत का पता चला। पुलिस को शव के पास से एक माचिस भी मिली है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महिला की मौत के मामले को लेकर साक्ष्य एकत्र किए। प्रथम दृष्टया महिला की हत्या कर शव को जलाए जाने की आशंका है।
महिला की मौत को लेकर जल्दबाजी में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है
प्रोबेशन अधिकारी श्याम अनुराग रस्तोगी ने बताया, घटना की जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही निराश्रित महिला की मौत की सही जानकारी हो पाएगी। केशवधाम पुलिस चौकी प्रभारी राजवीर सिह ने बताया, महिला की मौत को लेकर जल्दबाजी में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। महिला के गांव बांकुड़ा में उसकी बेटी फल्गुनी को घटना से अवगत करा दिया गया है।
- राधे-राधे के भजनों और डांडिया की धुन पर झूमा अग्रवन: श्री गिरिराज जी सेवक मंडल द्वारा भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न - November 13, 2026
- 14वें ‘श्री श्याम तीज महोत्सव’ में श्याम भजनों की स्वर लहरियों से भक्तिमय हुआ एमडी जैन मैदान; बाबा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब - November 13, 2026
- आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि: दूसरे कॉरिडोर पर चुनौतीपूर्ण स्थानों पर यू-गर्डर की जगह लगेंगे आधुनिक स्टील स्पैन - November 13, 2026