लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खंभारखेड़ा चीनी मिल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
अस्पताल से दवा लेकर घर लौट रहा था परिवार
निघासन थाना क्षेत्र के ग्राम कटहा के रहने वाले पप्पू (30 वर्ष) अपने अस्वस्थ पिता जगन्नाथ (60 वर्ष) को दवा दिलाने के लिए लखनऊ गए थे। सोमवार रात वे कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। वाहन में जिले के ही अन्य लोग भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खंभारखेड़ा चीनी मिल के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने कार में सीधी टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग राहत कार्य के लिए दौड़े।
कार में सवार थे 10 लोग, चालक ट्रक छोड़कर भागा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल 10 लोग सवार थे। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे में हताहत हुए लोग
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में पप्पू (30) व उनके पिता जगन्नाथ निवासी ग्राम कटहा (थाना निघासन), अजय पुत्र गोविंद निवासी ग्राम अदलाबाद (थाना निघासन) और बहादुर पुत्र गोबरे निवासी ग्राम बिछिली (थाना पढुआ) शामिल हैं।
वहीं घायलों में प्रयांश (ग्राम उचवा, थाना पढुआ), नवल किशोर (ग्राम नैनापुर, थाना पढुआ), राजकिशोर (ग्राम अदलाबाद, थाना निघासन), सनोज (ग्राम तिवारी, थाना पढुआ), अतुल कुमार (ग्राम खिंचींपुरवा, थाना शारदानगर) तथा कमलेश (निवासी निघासन) शामिल हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया है।
- लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की सीधी भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत 4 की मौत, 6 गंभीर - November 24, 2026
- यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे पर तेजी; सपा ने प्रस्तावित कीं 26 सीटें, दूसरे दौर की बातचीत जारी - November 24, 2026
- कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: कौशांबी के स्कूल की बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत - November 24, 2026