यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सीएम योगी के खिलाफ सिविल कोर्ट में दायर किया मानहानि का मुकदमा, अयोध्या के मछली भोज विवाद से जुड़ा है मामला

REGIONAL





लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लखनऊ की सिविल कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अजय राय का मुख्य आरोप है कि अयोध्या में उनके मछली खाने को लेकर मुख्यमंत्री की तरफ से जो सार्वजनिक बयान और आरोप दिए गए थे, वे पूरी तरह झूठे, निराधार और आपत्तिजनक हैं। इन बयानों से आहत होकर उन्होंने मंगलवार को अदालत का दरवाजा खटखटाया और मानहानि का दावा ठोक दिया।

अजय राय का कहना है कि उनके खिलाफ जानबूझकर गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए, जिससे समाज में उनकी सार्वजनिक छवि और राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी गंभीर आधार पर उन्होंने कानूनी रास्ता चुना है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जीवन में शुचिता का ध्यान रखना चाहिए और किसी भी व्यक्ति के बारे में बिना किसी ठोस सच्चाई के गलत आरोप लगाना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह इस मामले का जवाब अब पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से ही देंगे।

अयोध्या के मछली भोज विवाद से जुड़ा है मामला

यह पूरा कानूनी विवाद अयोध्या में अजय राय के लिए कथित तौर पर आयोजित किए गए ‘मछली भोज’ और उससे जुड़े बयानों के इर्द-गिर्द घूमता है। इस मुद्दे को लेकर पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश की सियासत में जबरदस्त बयानबाजी देखने को मिल रही थी।

अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सीधे कोर्ट पहुंचने के बाद यह पूरा मामला विशुद्ध रूप से एक कानूनी लड़ाई में तब्दील हो चुका है। हालांकि, अजय राय द्वारा मानहानि का मुकदमा दायर किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खेमे की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




Dr. Bhanu Pratap Singh