लखनऊ। त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हॉल में ‘महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके जीवन व शिक्षाओं का स्मरण किया।
सीएम योगी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि महापुरुषों की परंपरा के भाग्यविधाता हैं। उन्होंने मानव कल्याण और लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। योगी ने कहा, “जब महर्षि वाल्मीकि ने देवऋषि नारद से पूछा था कि चरित्र से युक्त कौन व्यक्ति है, जिसके बारे में मैं लिख सकूं — तब उन्होंने यह संकेत दिया कि चरित्रवान व्यक्ति ही लोक कल्याण का माध्यम बन सकता है।”
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने इसी भाव से महाकाव्य रामायण की रचना की और भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र से समाज को परिचित कराया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जो लोग श्रीराम को गाली देते हैं, वे भगवान वाल्मीकि का अपमान करते हैं और जो भगवान वाल्मीकि का अपमान करते हैं, वे स्वयं भगवान श्रीराम का भी अपमान करते हैं।”
योगी ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) ने न तो अयोध्या में एयरपोर्ट का निर्माण कराया और जब एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर रखा गया तो उन्होंने विरोध किया। सीएम ने बताया कि “देश का पहला इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर बना है और श्रीराम जन्मभूमि परिसर में सप्तऋषियों में वाल्मीकि जी का भी मंदिर निर्मित हुआ है।”
अंत में सीएम योगी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “कुछ लोग केवल वोट के लिए जाति का सहारा लेते हैं, लेकिन जो समाज को तोड़ता है, वह कभी महर्षि वाल्मीकि के मार्ग पर नहीं चल सकता।”
साभार – मीडिया रिपोर्ट
- आगरा: खाटू श्याम मंदिर में ‘दान पात्र’ पर पैर रखने वाली तस्वीर से विवाद, पुजारी ने मांगी सार्वजनिक माफी - June 11, 2026
- श्याम नाम की सरिता में गोते लगाते भक्त: आगरा के बल्केश्वर में सजे ‘श्याम बाबा’, नौका विहार महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब - June 11, 2026
- श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग: भागवत कथा में छाई भक्ति की बयार, ‘नंद के आनंद भयो’ से गुंजायमान हुआ आगरा का वजीरपुरा - June 11, 2026