आगरा। दीपावली का पावन उत्सव जब भारतीय संस्कृति, शाश्वत संस्कारों, स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर नारीशक्ति के संदेश के साथ जुड़ता है, तो उसका आनंद और भी प्रगाढ़ हो जाता है। कुछ ऐसा ही विहंगम दृश्य जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में देखने को मिला, जहां ‘संस्कार भारती, आगरा महानगर’ के तत्वावधान में आयोजित ‘दीपावली आनंद मेले’ में मस्ती और उमंग के साथ ज्ञान व परंपराओं का अद्भुत संचार हुआ। इस मेले के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता से लेकर रामायण आधारित सामान्य ज्ञान, आकर्षक थाल सज्जा और विविध वेशभूषा प्रतियोगिता जैसे कई रचनात्मक आयोजन संपन्न हुए।
“चित्र में रंग भरो” प्रतियोगिता में 153 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि गूंजते शंखनाद की विशेष प्रस्तुति ने लोगों को अपने घरों में शंख बजाने और समृद्ध भारतीय परंपराओं से जुड़े रहने का प्रेरक संदेश दिया। ‘स्वर्णिम भारत’ की थीम पर सजाए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहे।
इस भव्य मेले का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक बांके लाल गौड़, अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट सुभाष अग्रवाल, प्रेमचंद्र अग्रवाल सुपारी, वरिष्ठ आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी, गौरव बंसल धूम पायल और जयरामदास होतचंदानी ने मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय परंपराओं और जड़ों से अपनी अगली पीढ़ी को परिचित कराने के लिए त्योहारों के अवसर पर ऐसे आयोजनों का होना बेहद आवश्यक है। इनके माध्यम से बच्चों और युवाओं में हमारी सनातन संस्कृति और संस्कारों का बीज स्वाभाविक रूप से रोपित होता है। संस्कार भारती का यह दीपावली आनंद मेला इस दिशा में एक अत्यंत सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम है।
अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले व आकर्षक खेल, युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं व स्टॉल तथा महिलाओं व बुजुर्गों के लिए सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा समन्वय देखने को मिला। देर रात तक बड़ी संख्या में लोगों ने इस पारिवारिक मेले का भरपूर आनंद लिया और सभी प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
153 बच्चों ने दिखाई कल्पनाशीलता, गूंजी शंखध्वनि
मेले के तहत आयोजित “चित्र में रंग भरो” प्रतियोगिता बच्चों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसमें 153 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भाग लेकर अपनी कल्पनाओं के रंगों को कैनवास पर खूबसूरती से उकेरा। उत्तर प्रदेश की राज्य ललित कला अकादमी की सदस्य डॉ. आभा गुप्ता द्वारा तैयार किए गए चित्रों पर आधारित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरी तन्मयता से हिस्सा लिया।
नीता गर्ग, मीना अग्रवाल और अनीता भार्गव के कुशल संयोजन में ‘स्वर्णिम भारत’ की थीम पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों को विशेष कोरियोग्राफर द्वारा तैयार कराया गया था, और मंच पर संगीत की धुनों पर थिरकते कलाकारों ने उपस्थित दर्शकों में भारी उत्साह भर दिया।
अमित अग्रवाल के निर्देशन में रामायण की कथाओं पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसके साथ ही थाल सज्जा और विविध वेशभूषा प्रतियोगिता जैसे कई अन्य कार्यक्रम भी संपन्न हुए। घर-घर में शंख बजाने की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एक विशेष ‘शंखनाद’ की प्रस्तुति दी गई, जिसकी गूंज से पूरा पार्क परिसर प्रफुल्लित हो उठा। आयोजकों ने शंखध्वनि को स्वास्थ्य और भारतीय सनातन परंपराओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम बताते हुए लोगों से इसे अपनी दैनिकचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में निष्पक्ष निर्णायक की भूमिका निधि बंसल, गीता अग्रवाल, आस्था गर्ਗ, डॉ. रश्मि सक्सैना, प्रोफेसर बिंदु अवस्थी, डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. शार्दुल मिश्रा ने निभाई। सभी उत्कृष्ट प्रतिभागियों और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
आयोजन में इनका रहा सक्रिय सहयोग
कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, नीरज अग्रवाल, राजीव सिंघल, श्याम तिवारी, आशीष जैन, छीतरमल गर्ग, प्रदीप सिंघल, शुभांशु गर्ग, संदीप गोयल और अभिषेक गर्ग द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने निभाया।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद रेनू गुप्ता, जय गुप्ता, पार्षद हेमंत प्रजापति, सुशील कपूर, संजय कपूर, संतोष अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल सरिया वाले, अमरीश अग्रवाल, गौरव मित्तल, अनुराग मित्तल, रोहित गोयल, महेश गोयल, सरजू बंसल, अनिल वर्मा, बंटी महाजन, अनिल सिसोदिया, मनीष गुप्ता अनूप पानी वाले, रवीश जैन, अनूप जैन, अनूप अग्रवाल, अजय जैन, ईश्वर पाल सिंह, मदनलाल अग्रवाल, सचिन गुप्ता, सतीश गुप्ता, मोहित अग्रवाल, अभिषेक तिवारी, हेमंत गर्ग, ठाकुरदास अफतानी और दिनेश अग्रवाल अग्रसेन डेरी सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेले की सर्वव्यवस्था का दायित्व नीरज अग्रवाल ने संभाला, जबकि मेला प्रभारी के रूप में श्याम तिवारी, मेला संयोजक के रूप में आशीष जैन तथा सह-संयोजक के तौर पर नीता गर्ग, राकेश पाठक और शुभांशु गर्ग ने अपनी भूमिका का निर्वहन किया। यह संपूर्ण और भव्य आयोजन प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग के मार्गदर्शन में सफलतापवूर्क संपन्न हुआ।
- पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का नया संगम: दिग्गज निर्देशक के.सी. बोकाडिया बोले- ‘आपसी रिश्तों की अहमियत मजबूत करेगा संस्कार’ - November 1, 2026
- ओटीटी पर सस्पेंस और खौफ का नया दौर: यशपाल शर्मा की हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘झाड़-फूंक’ जिओ हॉटस्टार पर रिलीज - November 1, 2026
- दीपावली से पहले मंहगाई का तड़का: 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी, जानें अपने शहर के रेट - November 1, 2026