उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में पुलिस द्वारा एक गाड़ी से कथित तौर पर 10 किलो सोना पकड़े जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बेहद सनसनीखेज दावा किया है।
सपा प्रमुख ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने असल में गाड़ी से 1 किलो के कुल 26 सोने के बिस्कुट पकड़े थे, लेकिन मीडिया और रिकॉर्ड में केवल 10 किलो के बिस्कुट ही दिखाए गए हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि कहीं ऐसा न हो कि पुलिस बाद में दिखाए गए इन बिस्कुटों को ‘पीतल की धातु’ बताकर सरकारी हिसाब में दर्ज कर ले और बाद में इन सोने के बिस्कुटों को भी गटक जाए।
अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर रविवार को पोस्ट करते हुए यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लिखा, ‘दस दिखाया, सोलह गटकाया… ‘भाजपा’ की पुलिस की माया… कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए एक्सीडेंट में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट पकड़े लेकिन दिखाए गए केवल 10 किलो के बिस्कुट…’
अखिलेश ने आगे तीखा हमला बोलते हुए लिखा, ‘अब ध्यान ये रखना है कि कहीं पुलिस दिखाए गए बिस्कुटों को भी ‘पीली धातु’ कहकर सरकारी हिसाब में दर्ज़ न कर ले और बाद में पीतल के बिस्कुट से बदलकर ये सारे सोने के बिस्कुट भी गटक न जाए। नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली यही है डबल इंजन के डबल गोरखधंधे का असली रास्ता।’
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कन्नौज जिले के सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह शुक्रवार की रात करीब 2 बजे कांवड़ ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। उनके साथ कार में सिपाही योगेंद्र कुमार, मोहन दिवाकर और महिला सिपाही रितु चाह भी मौजूद थीं, जबकि सरकारी कार को सिपाही लोकेंद्र सिंह चला रहे थे। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर निकवा गांव के पास (किलोमीटर संख्या-171) पुलिस की इस कार की टक्कर एक ब्रेजा गाड़ी से हो गई।
बताया जा रहा है कि इस भीषण हादसे के दौरान दोनों ही गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद जब पुलिसकर्मियों ने ब्रेजा कार में सवार दो युवकों से उनका हालचाल जाना, तो वे अचानक बुरी तरह घबरा गए। युवकों के इस संदिग्ध व्यवहार को देखकर पुलिस को शक हुआ। शक के आधार पर जब पुलिस ने उस ब्रेजा कार की गहन तलाशी ली, तो उन्हें एक काले रंग के बैग से सोने की ईंटें (बिस्कुट) बरामद हुईं, जिनकी गिनती शुरुआती तौर पर 10 बताई गई।
जब पुलिस ने उन युवकों से इन बेशकीमती सोने के बिस्कुटों के कागजात या वैध दस्तावेज के बारे में पूछताछ की, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों में से एक महराजगंज का और दूसरा नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है।
- ”दस दिखाया, सोलह गटकाया…”कन्नौज में सोने की तस्करी के खुलासे पर अखिलेश यादव का सनसनीखेज आरोप, पुलिस पर 16 किलो सोना गटकाने का दावा - August 23, 2026
- आगरा में गूंजेगी मुरारी बापू की अमृतवाणी: 15 सितंबर से शुरू होगी नौ दिवसीय भव्य रामकथा, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह - August 23, 2026
- मानवता की सेवा और मानसिक शांति का संदेश: ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा आयोजित रक्तदान महाअभियान में गूंजा विश्व बंधुत्व का नारा - August 23, 2026