​”डरिए मत, आ जाइए… दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा”: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी सार्वजनिक मंच पर खुली बहस की चुनौती

NATIONAL

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक मंच पर आमने-सामने आकर खुली बहस (Open Debate) करने की सीधी चुनौती दी है। प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, “24 घंटे हो गए मोदी जी, मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पर आप जगह चुनिए और मेरे साथ डिबेट कीजिए।”

;

​”देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है?”

प्रधानमंत्री को ललकारते हुए राहुल गांधी ने आगे कहा कि देश की जनता के सामने यह साफ होना चाहिए कि असल में देशद्रोही कौन है? विदेशी ताकतों और फोर्सेज के साथ किसका कनेक्शन है और वह किस प्रकार का संबंध है? उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह करते हुए कहा, “जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत। दोनों मिलेंगे, सामने मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, एक मेज होगी, एक साइड आप बैठोगे और दूसरी साइड मैं बैठूंगा।”

​बहस की रूपरेखा पर बात करते हुए उन्होंने यहां तक कह दिया, “जिसे आप जज बनाना चाहते हो, उसे बना दो। चलिए, मोहन भागवत जी को ही बिठा दीजिए और फिर खुलकर डिबेट करते हैं।”

​इन ज्वलनशील मुद्दों पर चर्चा की मांग

​राहुल गांधी ने कहा कि इस खुली बहस के दौरान देश के कई गंभीर और संवेदनशील मुद्दों पर आमने-सामने बात होगी। उन्होंने जिन प्रमुख विषयों का जिक्र किया, उनमें शामिल हैं। देश का फाइनेंशियल सिस्टम और उसका स्ट्रक्चर,​ अमेरिका के साथ हुई डील (US Deal): यह डील क्यों हुई, इतनी जल्दबाजी में क्यों की गई, और इसे केवल आपने ही क्यों किया जबकि कैबिनेट को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई?
​उद्योगपति अडानी से जुड़ा मामला क्यों बंद हुआ? एपस्टीन (Epstein) से जुड़े प्रकरण और अन्य कई महत्वपूर्ण विषय।

​उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आ जाइए, डरिए मत। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाना चाहिए। आप मेरे ऊपर कई तरह के एलिगेशन लगाते हैं ना, आ जाइए, सब कुछ साफ हो जाएगा।”

​मानहानि के मुकदमों का भी किया जिक्र

​प्रधानमंत्री और भाजपा नेताओं द्वारा पूर्व में किए गए मानहानि के मुकदमों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके ऊपर पहले से ही कई मानहानि केस (Defamation Cases) चल रहे हैं, जिनकी संख्या शायद 45 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “मगर इस डिबेट के मामले पर और विदेशी कनेक्शन के आरोपों पर आप मानहानि का केस नहीं लगा रहे हैं। केस लगाइए ना, वहां भी खुलकर चर्चा करेंगे। आइए, इन सभी मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से बात करते हैं… हैप्पी दिवाली, मोदी जी।”

Dr. Bhanu Pratap Singh