मथुरा/वृंदावन: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के बारामई खेड़ा गांव का रहने वाला 16 वर्षीय किशोर अनुज चौधरी पिछले लगभग तीन महीने से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। बेटे की तलाश में भटक रहे उसके माता-पिता और परिवार के कई अन्य सदस्य शुक्रवार को वृंदावन पहुँचे और प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के केलीकुंज आश्रम के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। परिजनों का दावा है कि अनुज ने करीब तीन महीने पहले संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी, जिसके कुछ ही दिनों बाद वह घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
अनुज के पिता राजवीर सिंह, मां, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के कुछ अन्य लोग सुबह करीब 11 बजे से आश्रम के बाहर बैठे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक अनुज का पता नहीं चलता, वे वहां से नहीं हटेंगे।
मां को मनाकर ली थी दीक्षा
अनुज के पिता राजवीर सिंह ने बताया कि वृंदावन के पास पानीगांव में उनके बेटे का ननिहाल है। इसी वजह से उसका वृंदावन आना-जाना होता था। इसी दौरान वह संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए केलीकुंज आश्रम जाने लगा।
राजवीर के मुताबिक कुछ समय बाद अनुज ने दीक्षा लेने की इच्छा जताई। उसने अपनी मां को मनाया और करीब तीन महीने पहले संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली। परिवार का कहना है कि दीक्षा लेने के बाद अनुज करीब पांच दिन तक घर पर ही रहा।
कंठी-माला और तीन किताबें लेकर निकला था
पिता के मुताबिक पांच दिन बाद अनुज ने परिवार से कहा कि वह महाराज के दर्शन करने जा रहा है। वह अपने साथ प्रेमानंद महाराज की दी हुई कंठी-माला और तीन किताबें लेकर घर से निकला था।
परिजनों का कहना है कि उस दिन के बाद से अनुज घर वापस नहीं आया। तीन महीने गुजर चुके हैं, लेकिन परिवार को अब तक उससे मिलने या बात करने का मौका नहीं मिला है। परिजन लगातार उसका पता लगाने की मांग कर रहे हैं।
चार बहनों का इकलौता भाई है अनुज
राजवीर सिंह किसान हैं। उन्होंने बताया कि अनुज उनकी चार बेटियों के बीच इकलौता बेटा है। वह पढ़ाई करता था और इस साल इंटरमीडिएट में था। परिवार के मुताबिक उसकी उम्र करीब 16 से 17 साल है। आश्रम के बाहर बैठे पिता ने भावुक होकर कहा, मुझे मेरा बेटा वापस दे दो। हम यहां से चले जाएंगे।
परिजनों का कहना है कि उनका एक ही मकसद है- अनुज का पता लगाना और उसे सुरक्षित घर वापस लाना। फिलहाल परिवार आश्रम के बाहर बैठा है और अनुज की तलाश को लेकर जवाब मांग रहा है।
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026
- सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की अटकलों के बीच होर्डिंग वार: अब “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा” के लगे पोस्टर - October 25, 2026