आगरा। माथुर वैश्य समाज की एकता, संगठन शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य नजारा रविवार को 139वें माथुर वैश्य जयंती महोत्सव के अंतर्गत निकली शोभायात्रा में देखने को मिला। माथुर वैश्य मंडलीय परिषद, आगरा मंडल के तत्वावधान में निकली शोभायात्रा में करीब 40 आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। हजारों समाजबंधुओं ने उत्साह और उल्लास के साथ सहभागिता की। बैंड-बाजों की गूंज, सजी-धजी बग्घियों, घोड़ों और ऊंटों के साथ निकली शोभायात्रा ने शहर में उत्सवी माहौल बना दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ‘मामा’, मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता सराफ और बाबू राम गुप्ता ने स्वर्गीय गणेश लाल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। आर्य समाज मंदिर, फ्रीगंज से शुरू हुई शोभायात्रा तिकोनिया, बेलनगंज, कचहरी घाट, मोतीगंज, दरेसी, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार और किनारी बाजार होते हुए फुव्वारा पहुंची। यहां स्वजातीय दवा व्यवसायियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। स्वागत-सत्कार के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।
शोभायात्रा में दिखी आस्था और संस्कृति की झलक
शोभायात्रा में भगवान गणेश, द्वादश ज्योतिर्लिंग, आदियोगी और विभिन्न देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती झांकी ने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। समाज के संस्थापक स्वर्गीय गणेश लाल जी और कल्याण दास जी की झांकियां भी शामिल रहीं। चार घोड़ों पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के बाल स्वरूप विराजमान रहे, जबकि विंटेज कार पर सवार बच्चों ने भी आकर्षण बढ़ाया। नगर संयोजकों, राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्वागत मंत्री और स्वागत अध्यक्ष सहित प्रमुख पदाधिकारी बग्घियों में सवार होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाते नजर आए।
शोभायात्रा से पूर्व नगर संयोजकों निर्मला गुप्ता, मनोज गुप्ता, अनुराधा गुप्ता, मुकेश गुप्ता, संगीता गुप्ता, उमेश गुप्ता और प्रीति गुप्ता का सम्मान किया गया। माथुर वैसे इलेक्ट्रिक एसोसिएशन द्वारा पांच वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह का संचालन उपमा गुप्ता ने किया।
समाज की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत: मुकेश गुप्ता
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ‘मामा’ ने कहा कि समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के साथ समाज में परस्पर प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की सहभागिता को संगठन की मजबूती का प्रतीक बताया।
अनुशासन और सहभागिता से भव्य बनी शोभायात्रा: विनोद गुप्ता सराफ
अध्यक्ष अनुशासन समिति विनोद गुप्ता सराफ ने बताया कि शोभायात्रा को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए समाज के सभी सदस्यों ने मिलकर सहयोग किया। 40 झांकियों, सजी-धजी बग्घियों और धार्मिक स्वरूपों ने शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया। समाजबंधुओं का उत्साह और सहभागिता आयोजन की सफलता का प्रमुख आधार रही।
परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है जयंती महोत्सव: विमल गुप्ता सराफ
मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता सराफ ने कहा कि माथुर वैश्य जयंती महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली परंपराओं और आपसी सद्भाव को आगे बढ़ाने का अवसर है। शोभायात्रा में समाजबंधुओं का उत्साह और सहभागिता सराहनीय है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
मंचीय कार्यक्रम में भी होंगे विविध आयोजन
महोत्सव के अंतर्गत सोमवार, 26 अक्टूबर को पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन में दोपहर दो बजे से मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें माथुर वैश्य इलेक्ट्रिक व्यापारी एसोसिएशन, दवा व्यवसाय संगठन, कपड़ा व्यवसाय संगठन, सराफा एसोसिएशन सहित सहयोग करने वाले अन्य संगठनों का सम्मान किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लकी ड्रॉ और समाज के सामूहिक भोज के साथ शाम 7:30 बजे डांडिया रास का आयोजन भी होगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर बाबू रोशन लाल, अशोक कुमार गुप्ता, अशोक कुमार सराफ, श्री भगवान रैपुरिया, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, सत्य प्रकाश गुप्ता, शालिनी गुप्ता, नीरा दिनेश गुप्ता, उपमा गुप्ता, अनीता, विष्णु भगवान गुप्ता, राजकिशोर, मंजू गुप्ता, मुकेश गुप्ता, जीतू गुप्ता, सुधीर गुप्ता, अचल गुप्ता, शालिनी, दिनेश, दिनेश कुमार गुप्ता, धीरज कुमार गुप्ता, पुनीत गुप्ता, संतोष गुप्ता, राकेश कांट्रेक्टर, संजीव गुप्ता, संतोष, वीरेंद्र गुप्ता, राकेश गुप्ता, शंकर गुप्ता विनय कुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता रुनकता, रघुनाथ गुप्ता, अवनीश कांत, स्वागत अध्यक्ष विनोद गुप्ता, संजय साक्षी, संजय गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, सुशील कुमार गुप्ता सराफ, राजीव गुप्ता, अशोक गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, विनोद सराफ, विपिन गुप्ता, जयंती संयोजक दिनेश गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
- 139वां माथुर वैश्य जयंती महोत्सव: फ्रीगंज से निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़े हजारों समाजबंधु, सजी करीब 40 आकर्षक झांकियां - October 25, 2026
- आगरा के पार्वती घाट पर श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति का चुनरी मनोरथ: यमुना मैया की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प - October 25, 2026
- श्री वार्ष्णेय सभा के वार्षिकोत्सव-2026 का रंगारंग आयोजन: अक्रूर वाटिका में खेलकूद, सामान्य ज्ञान और महिला प्रतियोगिताओं की धूम - October 25, 2026