कमला नगर के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चौथे दिन विशेष अनुष्ठान: सांसद नवीन जैन ने पत्नी संग सौधर्म इंद्र बनकर अर्पित किए 32 अर्घ्य

स्थानीय समाचार

आगरा: देश में शांति, विश्व शांति और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ डी-ब्लॉक कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के चौथे दिन शुक्रवार को विविध धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति, ऊर्जा व सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना करना है। इसके साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के संदेश से देश एवं संपूर्ण विश्व में सुख, समृद्धि और सद्भावना का संचार होने की प्रार्थना भी की गई।

अभिषेक, शांतिधारा और 32 अर्घ्य समर्पण

प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन और डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक एवं विशेष शांतिधारा संपन्न हुई, जिसके उपरांत विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई।

विधान की धार्मिक क्रियाओं के अंतर्गत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में भाग लिया और परिवार व अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर 32 अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना के साथ देश व विश्व में शांति, सुख-समृद्धि और सद्भाव स्थापित होने की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और संकल्प सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से प्रार्थना की जा रही है कि प्रधानमंत्री जी स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और उन्हें देश की सेवा के लिए निरंतर शक्ति, ऊर्जा व सामर्थ्य प्राप्त होती रहे। सांसद ने यह भी कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं और भगवान महावीर के संदेशों को अपनाकर ही समाज व विश्व में शांति, प्रेम एवं सद्भावना को मजबूत किया जा सकता है।

​मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज का मंगल प्रवचन

मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में जीवन में धर्म और संयम के महत्व को समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार तेज रफ्तार से वाहन चलाते समय अधिक सावधानी की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार जीवन की गति जितनी तेज होती है, उसे संभालने के लिए उतना ही संयम आवश्यक है। उन्होंने अपने विदेश प्रवास का एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि वाहन चलाते समय थोड़ी-सी असावधानी भी किस प्रकार बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

​मुनि श्री ने कहा कि जीवन भी एक तेज रफ्तार वाहन की तरह है—धर्म उसका स्टीयरिंग है, जो सही दिशा दिखाता है, और संयम उसका ब्रेक है, जो गलत दिशा में जाने तथा अनहोनी से बचाता है। उनके अनुसार, जिस जीवन में धर्म और संयम नहीं होता, वह बिना स्टीयरिंग और ब्रेक के तेज गति से दौड़ते वाहन के समान है, जिसकी दुर्घटना निश्चित है। धर्म केवल धार्मिक क्रियाएं करने का नाम नहीं, बल्कि यह समझने और अपनाने का मार्ग है कि जीवन में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रफ्तार तेज हो, लेकिन दिशा सही और नियंत्रण बना रहे, तभी जीवन सार्थक बनता है।

मंगल आरती, भजन संध्या, मैना सुंदरी नाटक और इंद्रसभा

सायंकाल सात बजे श्रीजी की भव्य मंगल आरती आयोजित की गई, जिसमें दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर प्रभु के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद भोपाल से आए लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिनकी धुनों पर महिलाएं और युवा श्रद्धालु झूम उठे तथा उत्साहपूर्वक नृत्य कर पूरे आयोजन स्थल को भक्तिमय बना दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत दिल्ली से आए मयूर जैन द्वारा प्रस्तुत ‘मैना सुंदरी’ नाटक का मंचन किया गया, जिसके माध्यम से धार्मिक आस्था, त्याग, तपस्या और दृढ़ श्रद्धा का भावपूर्ण चित्रण प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही सौधर्म इंद्र की भव्य इंद्रसभा का आयोजन भी किया गया, जिसमें दीपों की रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने धर्म व भक्ति के रंग में सहभागिता निभाई।

​आयोजन संचालन और गणमान्य जनों की मौजूदगी

इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन और आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

इसके साथ ही मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, आगरा के जैन संगठनों के पदाधिकारी, जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh