आगरा। ताजनगरी में एक नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शिव चौहान और सूरज चौहान समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने एक किशोर को जबरन अपने घर के भीतर ले जाकर बुरी तरह पीटा। इस दौरान तमंचे की बट से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। घटना में किशोर के पैर और कमर में भी चोटें आई हैं। साथ ही आरोपियों पर मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप है।
पीड़ित किशोर के अनुसार, आरोपी उसे जबरन अपने घर के अंदर खींच ले गए। वहां शिव चौहान, सूरज चौहान के साथ उनकी मां, पत्नी और बहन ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। किशोर का कहना है कि वह लगातार मदद के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी गुहार अनसुनी कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने तमंचे की बट से उसके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे खून बहने लगा। हमलावरों ने उसे छोड़ा नहीं और उसके पैर व कमर पर भी वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग एक किशोर के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और नाबालिग के साथ हुई मारपीट व वीडियो वायरल किए जाने को लेकर परिजनों में गहरा आक्रोश है।
परिजनों ने की कठोर कार्रवाई की मांग, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि नाबालिग के साथ जिस तरह से मारपीट की गई और उसका वीडियो वायरल किया गया, उसके दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा नगर निगम में ‘फर्जी कर्मचारी नेताओं’ पर कार्रवाई की मांग, यूनियन ने सौंपा 5 सूत्रीय मांग पत्र, शोषण के लगाए आरोप - November 23, 2026
- कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन…अरे तुम खुद ही को बचा लो, पाखंडी कहीं के, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बाबा रामदेव का तीखा प्रहार - November 23, 2026
- आगरा में नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट: तमंचे की बट से सिर फोड़ा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल - November 23, 2026