आगरा। आयकर विभाग ने शुक्रवार की सुबह आगरा, मथुरा, दिल्ली एनसीआर में बिल्डरों और ज्वैलरी व्यापार से जुड़े कारोबारियों पर छापे की बड़ी कार्रवाई की। तनिष्क ज्वैलर्स से जुड़े ताजनगरी के अनुराग बंसल, कालोनाइजिंग से जुड़े मथुरा के गोवर्धन अग्रवाल, शंकर सेठ और सूरजभान सरिया वालों के करीब दो दर्जन से अधिक परिसरों पर आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने सुबह करीब आठ बजे एक साथ छापेमारी शुरू की।
आयकर विभाग की टीम में शामिल सौ से अधिक सदस्य इन कारोबारियों के घरों, कार्यालयों और शोरूमों आदि को खंगाल रहे हैं। छापे की व्यापकता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि अन्वेषण शाखा की दिल्ली, आगरा, कानपुर और लखनऊ की टीमों को भी जांच में लगाया गया है।
कारोबारियों के करीब दो दर्जन परिसरों को अलग-अलग टीमें खंगालने में जुटी हुई हैं। बहीखातों के साथ कंप्यूटरों, बैंकिंग लेन-देन और लॉकरों की भी जांच की जा रही है। परिसरों में मौजूद चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। आयकर टीमों के साथ हर परिसर पर पुलिस बल को भी लगाया गया है।
सूत्रों का दावा है कि इन कारोबारियों के खिलाफ आयकर में गड़बड़ी की सूचनाएं आयकर विभाग को काफी समय से मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर विभाग ने तैयारी की और एक साथ सभी परिसरों पर छापेमारी शुरू कर दी। यह छापेमारी अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
बताया गया है कि मथुरा के गोवर्धन अग्रवाल “गुरुकृपा बिल्डर्स” के संचालक हैं। शंकर सेठ और सूरजभान भी कालोनाइजिंग से जुड़े हुए हैं। तनिष्क ज्वैलर्स से जुड़े आगरा के अनुराग बंसल भी मथुरा-वृन्दावन में होटल का निर्माण करा रहे हैं। संभावना है कि सभी कारोबारियों का आपस में लिंक है। इसीलिए इनके खिलाफ एकसाथ कार्रवाई शुरू की गई।हेरिटेज टूर्स बुक करें
अनुराग बंसल के मुगल रोड कमलानगर पर स्थित अनुपम ओरियन अपार्टमेंट पर सुबह से ही जांच टीमें पहुंच गई थीं। सूत्रों का कहना है उनके शोरूमों सहित छह-सात परिसरों को जांच के घेरे में लिया गया है। अन्य कारोबारियों के मथुरा-वृन्दावन के अलावा दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद स्थित परिसरों को भी जांच के दायरे में लिए जाने की सूचना है।
गौरतलब है कि इससे पहले आयकर विभाग आगरा में एपी ज्वैलर्स और मथुरा में समृद्धि ज्वैलर्स पर भी कार्रवाई कर चुका है। पूर्व में भोले बाबा डेयरी ग्रुप पर भी छापेमारी की गई थी जो कई दिन तक चली थी।
- Agra News: ताजगंज के तेलीपाड़ा में स्कूटी का हैंडल लगने पर दो पक्षों में संघर्ष; जमकर हुआ पथराव, 8 नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज - November 13, 2026
- आगरा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल; नगर जोन में दरोगाओं के बंपर तबादले, महत्वपूर्ण चौकियों से हटाए गए जमे-जमाए चेहरे - November 13, 2026
- यूपी यूथ कांग्रेस पर अनुशासन का चाबुक; दिल्ली रैली से दूरी बनाने पर 12 जिलाध्यक्षों समेत 68 पदाधिकारियों की छुट्टी - November 13, 2026