आगरा के मनःकामेश्वर मंदिर में रक्षाबंधन पर दिखा भक्ति का अद्भुत संगम: रजत वासुकी की शैया पर विराजे बाबा, सजा अनंत राजभोग का दरबार

RELIGION/ CULTURE

रक्षाबंधन पर फूल बंगले में हुए दिव्य दर्शन, श्रीनाथ जी को अर्पित किया गया छप्पन भोग; हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर

आगरा। श्रावण मास की पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में शुक्रवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। फूलों की मनोहारी सजावट के बीच जब रजत वासुकी नाग की शैया पर बाबा मनःकामेश्वरनाथ विराजे तो भक्तों का मन श्रद्धा से भर उठा। बाबा के दिव्य रजत श्रृंगार और मनमोहक फूल बंगले के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रीनाथ जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया, वहीं बाबा मनःकामेश्वरनाथ को अनंत राजभोग समर्पित कर भक्तों ने मंगलकामनाएं कीं।

श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर के श्रीमहंत योगेश पुरी जी के सानिध्य में हुए विशेष आयोजन में बाबा मनःकामेश्वरनाथ का आकर्षक रजत श्रृंगार किया गया। बाबा को विशेष वस्त्र धारण कराए गए तथा कमल पुष्पों की मालाओं से श्रृंगार किया गया। रजत वासुकी नाग की शैया पर विराजमान बाबा के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तों ने दर्शन कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की।

श्रीमहंत योगेश पुरी जी ने श्रावण पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और उनकी कृपा प्राप्त करने का पावन अवसर है। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इस पवित्र दिन बाबा के विशेष दर्शन श्रद्धालुओं के जीवन में भक्ति, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

मठ मंदिर प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। श्रीनाथ जी को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया, जबकि बाबा श्री मनःकामेश्वरनाथ को अनंत राजभोग समर्पित किया गया। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों और मिष्ठानों से सजे भोग ने मंदिर के वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

भव्य फूल बंगले में फूलों की सुगंध, दीपों की रोशनी और भक्ति संगीत के बीच ठाकुर जी और बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्तों ने हाथ जोड़कर भगवान से अपने परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।

मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। फूलों से सजे दरबार में रजत श्रृंगार से अलंकृत बाबा का स्वरूप अत्यंत मनोहारी दिखाई दे रहा था। जैसे ही श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए, उनके मुख से स्वतः ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा मनःकामेश्वरनाथ’ के जयकारे गूंज उठे।

मठ मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शनों की उचित व्यवस्था की गई थी। आवागमन का मार्ग प्रथक प्रथक रखा गया ताकि दर्शनार्थियों को दर्शन लाभ में कोई परेशानी ना हो।

अनंत राजभोग दर्शन के मुख्य यजमान के रूप में अश्वनी-कल्पना रावत, राजकुमार-उषा गुप्ता, आत्माराम-सुनीता राठौर, अमर-रोमी गुप्ता, देवेंद्र-कोमल जैन, एडवोकेट राघवेंद्र-सारिका सिंघल तथा विवेक-काजल अग्रवाल ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।

Dr. Bhanu Pratap Singh