उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 32 वर्षीय लोकप्रिय यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और प्रदेश का राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान गन कल्चर पर अक्सर गाने बनाया करते थे और इन दिनों आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे वे शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम में रोजाना की तरह कसरत करने गए थे। जब वे जिम से बाहर निकले, तो पहले से घात लगाकर बैठे चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महज 2 मिनट के भीतर हमलावरों ने उन पर करीब 18 राउंड फायरिंग की, जिसमें सिर और पेट में 5 गोलियां लगने से अंकित सड़क पर अलोकित होकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मां का विलाप और जाट समाज का आक्रोश
इस निर्मम हत्या से गुस्साए स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान अंकित की मां अपने बेटे के शव को गोद में लेकर सड़क पर ही बैठ गईं, जिसका हृदयविदारक दृश्य देखकर हर कोई गमगीन हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह मौके पर शामली पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन और परिजनों को समझाने के बाद रात करीब 12 बजे सड़क का जाम खुलवाया जा सका।
अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा
इस हत्याकांड पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है। मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है।
जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर अपनी मांग बुलंद की है। उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है।” उन्होंने यह भी मांग उठाई कि इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के एंगल से भी की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की असली वजह की तलाश कर रही है। राजनीतिक एंगल समेत रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
- आगरा के खंदारी क्षेत्र में सड़क पर युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - September 19, 2026
- आगरा में गणपति विसर्जन की अनूठी पहल: यमुना में सीधे विसर्जन पर रोक, प्रमुख घाटों पर बनाए गए गंगाजल से भरे कृत्रिम विसर्जन कुंड - September 18, 2026
- आगरा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला राधे मीना गिरफ्तार, फर्जी मुहरें और नियुक्ति पत्र बरामद - September 18, 2026