लखनऊ/इटावा: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने इटावा में एक बड़ा बयान देकर साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन बरकरार रहेगा। इटावा के जिला पंचायत सभागार में आयोजित पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे शिवपाल यादव ने विश्वास जताया कि ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन पूरी मजबूती के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगा।
सीटों के बंटवारे पर राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा निर्णय
पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब शिवपाल यादव से सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीतियों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के तालमेल और बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला दोनों ही दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व आपसी विचार-विमर्श के बाद तय करेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में आने का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव अब बेहद नजदीक हैं और SIR की प्रक्रिया भी एक महीने के लिए पुनः शुरू हो चुकी है। ऐसे में समाजवादी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे पार्टी की नीतियों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पर दी प्रतिक्रिया
हाल ही में कांग्रेस पार्टी द्वारा अपनी उत्तर प्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी में किए गए बदलावों और अध्यक्ष पद की कमान बदले जाने पर शिवपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी नीतियों और रणनीतियों के अनुसार कार्य करेगी, जबकि समाजवादी पार्टी अपनी प्राथमिकताओं पर आगे बढ़ेगी। इसके बावजूद दोनों दलों के बीच का राजनीतिक गठबंधन और आपसी तालमेल पूरी मजबूती से बना रहेगा। उन्होंने कांग्रेस की नई टीम को ‘पीडीए’ (PDA – पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के परिप्रेक्ष्य में भी देखा जाने की बात कही।
मुख्य चुनाव आयुक्त और बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामलों और हालिया जांच के आदेश के संदर्भ में बोलते हुए शिवपाल यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में भारी अनियमितताएं और बेईमानियां हुई हैं, जिसके चलते पूरा विपक्ष आज उनके खिलाफ खड़ा हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि अब उनकी कार्यप्रणाली और तमाम फैसले जनता के सामने बेनकाब होकर रहेंगे।
प्रदेश की योगी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार और बेईमानियों में डूबी हुई है। उत्तर प्रदेश की जनता अब इस तानाशाही और भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन पूरी तरह बना चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव लाएगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
- आगरा के फतेहपुर सीकरी में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: आंखों की कमजोरी बनी महिला की जान की दुश्मन, पहचान लिए जाने के डर से आरोपी ने घोंटा गला, चोरी के लिए घर में घुसा था कातिल - October 4, 2026
- आगरा के निबोहरा में खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष: ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से किशोरी की मौत, चार घायल - October 4, 2026
- आगरा के ऐतिहासिक कैलाश घाट पर चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान: नीलांचल सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने घंटों श्रमदान कर हटाई गंदगी - October 4, 2026