नेशनल हेल्थ अकाउंट्स रिपोर्ट: इलाज के कुल खर्च में उत्तराखंड सरकार आगे, यूपी-केरल में जनता पर भारी बोझ

NATIONAL

​नई दिल्ली। अस्पताल में भर्ती होने, डॉक्टरों की फीस, पैथोलॉजी जांच और महंगी दवाइयों के बिल का आम आदमी की जेब पर कितना बोझ पड़ता है? यह इस बात पर निर्भर करता है कि संबंधित राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले कुल व्यय में सरकार का कितना अंशदान है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ‘नेशनल हेल्थ अकाउंट्स’ (NHA) की रिपोर्ट 2023-24 के मुताबिक, देश के विभिन्न राज्यों के बीच स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च के अनुपात में बड़ा अंतर सामने आया है।

जहां उत्तराखंड में सरकार कुल स्वास्थ्य खर्च का लगभग दो-तिहाई हिस्सा खुद वहन कर रही है, वहीं उत्तर प्रदेश और केरल जैसे बड़े राज्यों में सरकार की हिस्सेदारी कुल स्वास्थ्य व्यय के एक-चौथाई (25 से 27.5 फीसदी) के आसपास ही सिमटी हुई है।

​उत्तराखंड में सरकार उठा रही 66% खर्च, केरल सबसे नीचे

​रिपोर्ट के अनुसार, राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में कुल स्वास्थ्य खर्च 7,528 करोड़ रुपये रहा, जिसमें से 4,970 करोड़ रुपये यानी 66 फीसदी हिस्सा राज्य सरकार ने वहन किया। इसके विपरीत, केरल में सरकारी हिस्सेदारी सबसे कम महज 25 फीसदी दर्ज की गई। केरल में स्वास्थ्य पर कुल 48,979 करोड़ रुपये खर्च हुए, जिसमें सरकार का योगदान केवल 12,226 करोड़ रुपये रहा।

​सरकारी योगदान के मामले में जम्मू-कश्मीर (62.6%), असम (59.5%), ओडिशा (57.9%), छत्तीसगढ़ (54.6%) और हिमाचल प्रदेश (53.1%) बेहतर स्थिति में हैं, जहां सरकार कुल स्वास्थ्य व्यय का आधे से अधिक हिस्सा खुद उठाती है।

​कम सरकारी हिस्सेदारी से बढ़ा ‘आउट ऑफ पॉकेट’ खर्च: यूपी में लोगों ने चुकाए 80,000 करोड़ से ज्यादा

​स्वास्थ्य सेवाओं में सरकारी निवेश कम होने का सीधा और प्रतिकूल प्रभाव आम नागरिकों की जेब पर पड़ता है। उत्तर प्रदेश में कुल स्वास्थ्य व्यय 1.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जिसमें सरकार की हिस्सेदारी केवल 27.5 फीसदी यानी 33,167 करोड़ रुपये रही। परिणामस्वरूप, यूपी में लोगों ने इलाज पर अपनी जेब से 67.1 फीसदी हिस्सा (80,895 करोड़ रुपये) खर्च किया, जो रिपोर्ट में शामिल 21 राज्यों में सबसे ज्यादा ‘आउट ऑफ पॉकेट’ व्यय है।

​इसी तरह केरल में भी लोगों ने कुल स्वास्थ्य खर्च का 65.2 फीसदी हिस्सा खुद अपनी जेब से दिया, जहां प्रति व्यक्ति सालाना जेब से होने वाला खर्च औसतन ₹8,870 है। पश्चिम बंगाल में नागरिकों ने 63% और पंजाब में 60.7% खर्च खुद वहन किया। इसके विपरीत, उत्तराखंड में नागरिकों की जेब से होने वाला खर्च कुल स्वास्थ्य व्यय का महज 26.7 फीसदी रहा।

​प्रति व्यक्ति कुल स्वास्थ्य खर्च: केरल शीर्ष पर, बिहार सबसे नीचे

​रिपोर्ट में प्रति व्यक्ति कुल स्वास्थ्य खर्च (सरकारी और निजी मिलाकर) के आंकड़े भी जारी किए गए हैं। इसमें ₹13,605 के साथ केरल सबसे आगे है, जबकि बिहार ₹2,338 के साथ तालिका में सबसे नीचे है:

​केरल: ₹13,605
​हिमाचल प्रदेश: ₹9,739
​महाराष्ट्र: ₹9,074
​हरियाणा: ₹8,235
​आंध्र प्रदेश: ₹8,147
​कर्नाटक: ₹7,734
​तेलंगाना: ₹7,706
​पश्चिम बंगाल: ₹6,924
​पंजाब: ₹6,671
​तमिलनाडु: ₹6,582
​ओडिशा: ₹6,418
​उत्तराखंड: ₹6,273
​गुजरात: ₹5,722
​राजस्थान: ₹5,605
​जम्मू-कश्मीर: ₹5,337
​उत्तर प्रदेश: ₹5,090
​छत्तीसगढ़: ₹4,936
​झारखंड: ₹4,254
​मध्य प्रदेश: ₹4,210
​असम: ₹3,832
​बिहार: ₹2,338

​दिल्ली में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च ₹8,611

​नेशनल हेल्थ अकाउंट्स के 2023-24 के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च ₹8,611 दर्ज किया गया। यह आंकड़ा यह दर्शाता है कि दिल्ली सरकार औसतन प्रत्येक नागरिक की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अपने खजाने से कितना बजटीय प्रावधान और व्यय कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh