गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से चोरी का एक बेहद चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शाहपुर थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में पिछले छह महीनों से सक्रिय एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है, जिसमें पिता और बेटा मिलकर सूने घरों को अपना निशाना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 65 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और 95 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पिता करता था रेकी, बेटा देता था वारदात को अंजाम
पुलिस अधिकारियों ने रविवार को पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पादरी बाजार के मोहनापुर पासी टोला निवासी रत्नेश अग्रहरी और उसके पिता रविन्द्र प्रसाद अग्रहरी के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी रविन्द्र प्रसाद पेशे से प्लंबर है। रेलवे कॉलोनी में काम के सिलसिले में आने-जाने के दौरान उसे वहां के बंद पड़े क्वार्टरों की पूरी जानकारी मिल जाती थी।
इसके बाद वह अपने बेटे के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाता था। योजना के तहत पिता पहले पैदल इलाके के बंद मकानों की रेकी करता था और फिर दोनों साइकिल से मौके पर पहुंचकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
जमीन के नीचे डिब्बे में दबा रखे थे जेवर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी करने के बाद आरोपी जेवरों को अपने घर ले जाते थे। उन्होंने चोरी के सभी गहनों को एक डिब्बे में भरकर अपने घर के पास जमीन के नीचे दबा रखा था। उनकी योजना इन बहुमूल्य गहनों को धीरे-धीरे बेचने की थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उनकी चाल नाकाम कर दी।
सोने-चांदी के आभूषणों का बड़ा जखीरा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के 2 हार, 9 अंगूठियां, 12 झुमके, 5 मंगलसूत्र, 4 चेन, मांग टीका, 4 लॉकेट, 3 नथिया, कड़ा और माला समेत कई कीमती जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी की 20 पायल, कमरधनी, चेन, ब्रेसलेट, 14 बिछिया, 14 सिक्के और 2 अंगूठियां भी मिली हैं। पुलिस अब बरामद सामान का पिछले छह महीनों में दर्ज चोरी के मामलों से मिलान कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कौन-सा सामान किस क्वार्टर से चुराया गया था। इस सनसनीखेज खुलासे से इलाके में हड़कंप मच गया है।
- आगरा में भाजपा महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन, कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ सड़कों पर उतरीं महिला कार्यकर्ता, एमजी रोड पर निकला विशाल जुलूस - October 12, 2026
- अखिल विश्व गायत्री परिवार का शंखनाद: आगरा में भव्य आयोजनों की शुरुआत, दिल्ली से लेकर आवास विकास तक गूंजेगी अध्यात्म की गूंज - October 12, 2026
- एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की ऐतिहासिक उपलब्धि: पहली बार एंडोवास्कुलर तकनीक से ‘ब्रेन AVM’ का किया सफल इलाज, 19 वर्षीय युवक को मिला नया जीवन - October 12, 2026