लखनऊ: गोमती नदी के घैला पुल पर जीजा-साली के नदी में कूदने से हड़कंप, गोताखोरों और SDRF की टीम तलाश में जुटी

स्थानीय समाचार





लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित गोमती नदी के घैला पुल पर रविवार को एक युवक और युवती के नदी में छलांग लगाने की सूचना से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों के बीच पारिवारिक रिश्ता जीजा-साली का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की, हालांकि रविवार को अंधेरा होने और तेज बहाव के कारण उनका पता नहीं चल सका। सोमवार को भी तलाशी अभियान लगातार जारी है।

​पुल पर मिले युवक के जूते और युवती की चप्पल

पुलिस के अनुसार, फैजुल्लागंज निवासी गौतम गुप्ता (45) बीकेटी क्षेत्र में ढाबा संचालित करता है। उसकी शादी करीब 16 वर्ष पूर्व अमिता नाम की महिला से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। नदी में कूदने वाली युवती चुनमुन गुप्ता (23), अमिता की मौसी की बेटी है। वह बीबीए की पढ़ाई करने के साथ-साथ एक कार शोरूम में नौकरी भी करती है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच संबंध होने की बात सामने आ रही है।

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार को गौतम चुनमुन के साथ घर से निकला था और दोनों घैला पुल पर पहुंचे थे। वहां कुछ देर बातचीत करने के बाद पहले गौतम ने और उसके तुरंत बाद युवती ने नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने पर मड़ियांव और ठाकुरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुल के ऊपर से गौतम का जूता और चुनमुन की चप्पल बरामद हुई है।

गोमती का बढ़ा जलस्तर और तेज बहाव बना बाधा

चुनमुन के पिता महेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रोजाना की तरह नौकरी पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद उन्हें शाम को इस अप्रत्याशित घटना की सूचना मिली।

​मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद या प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना के असली कारणों की पुख्ता पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। गोमती नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ होने और पानी का तेज बहाव होने के कारण गोताखोरों को तलाश करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई हैं।




Dr. Bhanu Pratap Singh