आगरा: ताजनगरी आगरा में हाल ही में सामने आए विवादित पोस्टर्स और बैनरों का मामला अब पुलिस के दरवाजे तक पहुँच गया है। शहर में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को प्रभावित करने वाले इन विज्ञापनों और बयानों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी सिलसिले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता शाहिद अहमद के नेतृत्व में एक शिकायती पत्र पुलिस आयुक्त (पुलिस आयुक्तालय, आगरा) को सौंपा गया है, जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पुलिस आयुक्त को सौंपा गया शिकायती पत्र
कांग्रेस नेता ने बताया कि शिकायत पत्र के माध्यम से पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया है कि आगरा में ‘योगी यूथ ब्रिगेड’ के प्रदेश अध्यक्ष अजय तोमर के नाम से एक सार्वजनिक बैनर प्रदर्शित किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस बैनर पर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी की तस्वीर का उपयोग करते हुए आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को बिगाड़ना है।
पत्र में यह भी मांग की गई है कि इस पूरे मामले से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट, समाचार सामग्री और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की गहनता से जाँच की जाए।
कांग्रेस नेता शाहिद अहमद का तीखा हमला
इस दौरान कांग्रेस नेता शाहिद अहमद ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग केवल सुर्खियों में आने और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए विपक्षी नेताओं के नाम और तस्वीरों का दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व क्षेत्र की शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव को लगातार आहत कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाते हुए तीखे लहजे में कहा कि शहर में विधायक, सांसद, महापौर और कई वर्तमान पार्षदों के होने के बावजूद आगरा की जमीनी हालत बदतर हो चुकी है और शहर को ‘नर्क’ जैसा बना दिया गया है। जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों और समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल हाइलाइट होने के लिए ऐसे लोग भड़काऊ बयानबाजी और टिप्पणियां करते रहते हैं।
निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की माँग
शिकायत के अंत में पुलिस आयुक्त महोदय से यह पुरजोर निवेदन किया गया है कि इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े बैनरों, वीडियो फुटेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और विभिन्न समाचार चैनलों पर दिए गए बयानों की वास्तविकता की जाँच की जाए। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि शहर में शांति और कानून का राज कायम रहे।
- शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं का बढ़ा रुझान: स्नातक सीट के मुकाबले वोटिंग की रफ्तार में आगे रहे शिक्षक वोटर - October 23, 2026
- संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के कारण न्यूयॉर्क में रहे राज्यसभा सांसद नवीन जैन: पुत्र वैभव जैन ने आगरा में संभाला चुनावी दायित्व - October 23, 2026
- ”विकास सहयोग और वैश्विक साझेदारी से ही संभव है सतत विकास”: संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित बैठकों में सांसद नवीन जैन ने रखा भारत का पक्ष - October 23, 2026