आगरा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार व 3 बाल अपचारी अभिरक्षा में; 9 वाहन और 60 किलो पुर्जे बरामद

Crime

आगरा: आगरा में दोपहिया वाहन चुराने वाले एक संगठित गिरोह का ताजगंज पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक और एक स्कूटी समेत कुल नौ वाहन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी की बाइकों के करीब 60 किलोग्राम पुर्जे, पांच चाबियां और 2,270 रुपये भी मिले हैं। पुलिस की शुरुआती छानबीन में पता चला है कि गिरोह के सदस्य मॉल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी से लॉक खोलकर कुछ ही सेकंड में बाइक उड़ा ले जाते थे।

​हालांकि, इस पूरे खुलासे के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बीच एक ऐसा वाकया भी सामने आया, जिसने प्रेस वार्ता में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पुलिस जब पकड़े गए आरोपियों को मीडिया के सामने पेश करने लाई तो अजय नाम का युवक अचानक फूट-फूटकर रोने लगा। उसने हाथ जोड़कर खुद को बेगुनाह बताते हुए पुलिस से छोड़ने की गुहार लगाई।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोने लगा आरोपी, बोला- मेरा जीवन बर्बाद हो जाएगा

​बुधवार को अपर नगर पुलिस आयुक्त कार्यालय में डीसीपी रविंद्र कुमार वाहन चोर गिरोह के खुलासे का ब्योरा दे रहे थे। इसी दौरान पुलिस आरोपियों को मीडिया के सामने लेकर पहुंची। आरोपियों में शामिल अजय अचानक रोने लगा और जोर-जोर से खुद को निर्दोष बताने लगा। उसने हाथ जोड़कर कहा, ‘मुझे छोड़ दो, मेरा कोई दोष नहीं है। मैं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा हूं। जिस जगह से गाड़ी चोरी हुई है, वहां मैं लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। पुलिस मुझे वहां से उठा लाई है। मेरे परिवार को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं। अगर मुझे इस मामले में फंसा दिया गया तो मेरा पूरा जीवन बर्बाद हो जाएगा।’

​अजय लगातार अपनी बेगुनाही की दुहाई देता रहा। उसकी बातें सुनकर कुछ पल के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में सन्नाटा पसर गया। वहां मौजूद पत्रकारों और पुलिसकर्मियों का ध्यान भी उसकी तरफ चला गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद पुलिस उसे और अन्य आरोपियों को वहां से ले गई। अजय के आरोपों और उसकी भूमिका की सच्चाई जांच का विषय है।

​मॉल, मेट्रो स्टेशन और बाजार थे गिरोह के निशाने पर

​पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सुनियोजित ढंग से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके लिए वे पहले ऐसी जगहों को चुनते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन खड़े करके आते-जाते हैं। मॉल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और अन्य व्यस्त इलाकों में बाइक खड़ी करने वालों पर उनकी नजर रहती थी। गिरोह के सदस्य इन जगहों पर घूमकर वाहनों की रेकी करते थे। वे यह देखते थे कि कौन सी बाइक लंबे समय से एक ही जगह खड़ी है और कहां निगरानी अपेक्षाकृत कम है। इसके बाद मौका मिलते ही मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलकर उसे लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को बाइक का लॉक खोलने और वाहन चुराने में ज्यादा वक्त नहीं लगता था। चोरी के बाद वे तुरंत उस स्थान से निकल जाते थे, ताकि किसी को शक न हो।

​चोरी की बाइक छिपाकर करते थे सौदा, पुर्जे भी बेचते थे

​वाहन चुराने के बाद गिरोह के सदस्य सीधे उन्हें बेचने के बजाय कुछ समय तक छिपाकर रखते थे। इसके लिए सुनसान स्थानों और अपने परिचितों के ठिकानों का इस्तेमाल किया जाता था। वारदात के बाद कुछ दिन तक मामला शांत रहने का इंतजार किया जाता था। इसके बाद चोरी के वाहनों को ग्राहकों को बेच दिया जाता था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ चोरी की बाइकों को पूरी तरह खोलकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर दिए जाते थे। इन पुर्जों को भी बेचने की तैयारी रहती थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 60 किलो बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं। इससे गिरोह के वाहन चोरी के साथ-साथ चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने के तरीके की भी जानकारी मिली है।

​मैकेनिक और वाहन कारोबारियों की भूमिका की जांच

​गिरोह के खुलासे के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। खासतौर पर मैकेनिक और पुराने वाहन खरीदने-बेचने का काम करने वाले कारोबारियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की बाइक और उनके पुर्जे किन लोगों के जरिए बेचे जाते थे। क्या इस पूरे नेटवर्क में कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे, जो चोरी के वाहनों को खरीदकर उनके दस्तावेजों या पहचान में बदलाव कराते थे? इन पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।

​तीन थानों में दर्ज हैं मुकदमे

​पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ ट्रांस यमुना, जीआरपी और ताजगंज थानों में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इससे गिरोह की गतिविधियों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों तक फैले होने की जानकारी मिली है। अब पुलिस इंटर डिस्ट्रिक्ट और इंटर स्टेट कनेक्शन खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के तार आगरा के अलावा दूसरे जिलों या राज्यों में सक्रिय वाहन चोरों से तो नहीं जुड़े हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के लिए गिरोह का नेटवर्क अन्य स्थानों तक फैला हो सकता है।

​नौ वाहनों के मालिकों की तलाश शुरू

​पुलिस ने बरामद आठ बाइक और एक स्कूटी के असली मालिकों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए वाहनों के रजिस्ट्रेशन और अन्य उपलब्ध विवरणों के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। वाहन मालिकों से संपर्क कर चोरी से संबंधित मुकदमों का मिलान भी किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य संपर्कों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh