Agra News: फतेहाबाद रोड पर ताज ईस्ट गेट तक बनेंगे 15 नए पार्किंग स्थल, जर्जर सुभाष बाजार की दुकानों पर चलेगा बुलडोजर!

स्थानीय समाचार

आगरा: आगरा मंडल में औद्योगिक विकास को गति देने, नए निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। आयुक्त सभागार में उनकी अध्यक्षता में संपन्न हुई मंडलीय उद्योग बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, लचर ड्रेनेज व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सड़कों की स्थिति, पार्किंग और रखरखाव जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से मंथन हुआ। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि मंडल में लगभग 568 एमओयू ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जिनमें से करीब 443 औद्योगिक इकाइयों ने अपना संचालन भी शुरू कर दिया है।

​बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी (ODOP) वित्त पोषण सहायता योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने धीमी प्रगति वाले जिलों के अधिकारियों को लोन स्वीकृति और ऋण वितरण की गति तेज करने की ताकीद की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सिर्फ कागजी पत्राचार तक सीमित न रहे; अधिकारी खुद मौके पर जाकर जमीनी मुआयना करें और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

​568 एमओयू जीबीसी के लिए तैयार, 443 इकाइयां धरातल पर आईं

​निवेश प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि मंडल में 568 एमओयू जीबीसी के लिए तैयार हैं और 443 इकाइयां क्रियाशील हो चुकी हैं, जो औद्योगिक क्रांति की दिशा में एक बड़ी सफलता है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में मंडल ने लक्ष्य के सापेक्ष 74 प्रतिशत स्वीकृति और 61 प्रतिशत ऋण वितरण का आंकड़ा हासिल कर लिया है। मंडलायुक्त ने शेष लक्ष्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

​ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना में पूरे मंडल ने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, हालांकि फिरोजाबाद में ऋण वितरण की धीमी चाल पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत मथुरा और फिरोजाबाद में आवेदनों की स्वीकृति और ऋण वितरण की स्थिति में तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए गए।

​सिकंदरा, Foundry नगर और नुनिहाई की ड्रेनेज समस्या पर मंथन

​सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम होने के बावजूद कायम जलभराव पर चर्चा के दौरान बताया गया कि आरसीसी नाले के निर्माण में पेड़ों की कटाई के लिए एनओसी (NOC) न मिलना बाधा बना हुआ है। इस पर मंडलायुक्त ने नगर निगम के मुख्य अभियंता को उद्यमियों के साथ स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि पेड़ों को नुकसान पहुँचाए बिना नाला निर्माण संभव है, तो उसकी रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत की जाए।

​फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में पार्क के सौंदर्यीकरण और फुटपाथ निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर अटका हुआ है, जिस पर मंडलायुक्त ने पत्राचार कर जल्द स्वीकृति लेने के निर्देश दिए। नुनिहाई औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी के लिए नगर निगम द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई, जिस पर मंडलायुक्त ने उपायुक्त उद्योग को रेलवे विभाग के पास वे-लीव शुल्क जमा कराने की विभागीय प्रक्रिया पूरी करने को कहा। साथ ही, गलीचा बिरई प्रशिक्षण योजना के कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया।

​यूपीसीडा से नगर निगम को मिल सकती है रखरखाव की कमान

​बैठक में यूपीसीडा (UPSIDA) द्वारा अत्यधिक टैक्स वसूले जाने और पर्याप्त मैनपावर या मशीनें न होने का मुद्दा उद्यमियों ने प्रमुखता से उठाया। इस पर मंडलायुक्त ने विकसित औद्योगिक क्षेत्रों की साफ-सफाई और देखरेख की जिम्मेदारी दोबारा नगर निगम आगरा को सौंपने की दिशा में कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए यूपीसीडा मुख्यालय से औपचारिक पत्राचार करने को कहा गया है।

​बिजली कटौती और कटती केबलों पर कड़ा रुख

​सिकंदरा और बोदला-बिचपुरी औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग पर अधिकारियों ने बताया कि फीडर और सब-स्टेशनों के अपग्रेडेशन का काम जारी है। सिकंदरा में मेट्रो निर्माण के चलते अंडरग्राउंड पावर केबल कटने से बिजली गुल होने के मामले पर मंडलायुक्त ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (DVVNL) को मेट्रो अधिकारियों से तालमेल बिठाकर केबल को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सिकंदरा में नालों की सफाई से असंतुष्ट उद्यमियों की शिकायत पर सिंचाई विभाग और नगर निगम को संयुक्त रूप से स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।

​फतेहाबाद रोड पर 15 पार्किंग स्थल, सुभाष बाजार में जर्जर दुकानों पर होगी कार्रवाई

​शहर में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा फतेहाबाद मेट्रो स्टेशन से ताज ईस्ट गेट तक 15 पार्किंग स्थल शुरू करने के लिए सर्वे और जरूरी कागजी कार्रवाई की जा रही है। इससे पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी और सड़कों पर जाम से निजात मिलेगी।

​सुभाष बाजार में अत्यंत जर्जर दुकानों का मुद्दा उठने पर मंडलायुक्त ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि किसी भी हादसे को रोकने के लिए जर्जर ढाँचों को हटाने, अतिक्रमण साफ करने, जरूरत पड़ने पर ध्वस्तीकरण कराने और दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की विधिक कार्रवाई तुरंत अमल में लाई जाए।

​संजय प्लेस और ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग पर अहम फैसले

​संजय प्लेस के कपड़ा और शू मार्केट में खाली दुकानों के अन्य व्यापारों के लिए आवंटन तथा पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) के उपाध्यक्ष को उद्यमियों के साथ अलग से विशेष बैठक करने के निर्देश दिए गए।

​इसके अलावा, एनएच-2 की सर्विस लेन पर बजाज शू फैक्ट्री के पास सड़क पर लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर से लगने वाले जाम को देखते हुए NHAI को आगरा और मथुरा जिला प्रशासन से समन्वय बनाकर ट्रांसफॉर्मर को वैकल्पिक जमीन पर शिफ्ट कराने को कहा गया। इसी प्रकार आरबीएस कॉलेज चौराहे पर टोरंट पावर के ट्रांसफॉर्मर से लगने वाले जाम को समाप्त करने के लिए भी ट्रांसफॉर्मर को दूसरे स्थान पर हटाने का निर्देश टोरंट अधिकारियों को दिया गया।

​निवेश मित्र पोर्टल पर पेंडेंसी बर्दाश्त नहीं

​बैठक में निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान फिरोजाबाद और मथुरा में 2-2 तथा मैनपुरी में 10 आवेदन तय समयसीमा के बाद भी लंबित पाए गए। इस पर मंडलायुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि निवेशकों को प्रशासनिक अड़चनों या विभागीय देरी की वजह से परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी लंबित प्रकरणों का तुरंत निस्तारण किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और उद्यमी प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh