आगरा। शनिवार की शाम ताजनगरी आगरा में युवाओं और छात्रों का जोश देखने लायक था। अवसर था लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा इंदौर में आयोजित बहुचर्चित संवाद कार्यक्रम “छात्रों की गूंज” का। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण आगरा के सेंट जॉन्स चौराहे से लोहामंडी मार्ग स्थित होटल श्याम पैलेस में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त मेजबानी में बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया।
राहुल गांधी के आते ही हॉल में गूंजे नारे
जैसे ही होटल में लगी बड़ी स्क्रीन पर राहुल गांधी मंच पर नजर आए, पूरा हॉल तालियों, आतिशबाजी और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं का उत्साह चरम पर था।
इंदौर से देश भर के छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं की तारीफ करते हुए कहा कि छात्र हमेशा तीखे सवाल पूछते हैं, उनके दिल में नफरत नहीं होती और वे पूरी तरह ईमानदार होते हैं। मौजूदा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में स्टूडेंट्स भारी दबाव और मानसिक तनाव में हैं क्योंकि पूरा सिस्टम भ्रष्ट हो चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “पेपर लीक होने का सीधा मतलब है कि युवाओं का भविष्य लीक हो रहा है।”
शिक्षा को हर छात्र का मौलिक अधिकार बताते हुए उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे खुद बदलाव की शुरुआत करें और अपनी आवाज को बुलंद करें। इस दौरान उन्होंने ‘शिक्षा बचाओ-भविष्य बचाओ’ का मुख्य नारा भी दिया।
महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती नम्रता दान ने अपने संबोधन में कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा बदहाली के चलते आज का छात्र वर्ग बेहद हताश और निराश है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही के कारण युवा आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे कठिन समय में राहुल गांधी देश के युवाओं की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभर रहे हैं, और अब वक्त आ गया है कि इस भ्रष्ट व्यवस्था और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंका जाए।
कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस लाइव प्रसारण और संवाद कार्यक्रम के दौरान शहरभर के कई दिग्गज कांग्रेसी और युवा नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शहर अध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अश्विनी जैन, पारुल शर्मा, गीता सिंह, नीलम शर्मा, रणवीर शर्मा, सुभाष बस वाले, राहुल बटोलिया, यामीन कादरी एडवोकेट, रश्मि सिंह, जगदीश जाटव, विदुषी सोलंकी, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताहिर हुसैन, पूर्व दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी अनुज शर्मा, सोनू चाहर, रवि जैन, मानवेन्द्र सिंह चाहर, अजय चाहर, सलमान कुरैशी, दानिश सिद्दीकी, पूर्व पार्षद प्रत्याशी सायरा बानो, लक्ष्मी नारायण सिंह, प्रदीप चंसौलिया, राजीव गुप्ता, चंचल शर्मा और राजकुमारी चौधरी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026