आगरा में खेत का रास्ता रुकने से भड़का किसान परिवार: निर्माणाधीन बिजली टावर पर चढ़ा फौजी का बेटा, मची अफ़रातफ़री

स्थानीय समाचार

आगरा। कृषि भूमि तक पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध होने से आक्रोशित एक किसान परिवार का गुस्सा शुक्रवार को चरम पर पहुंच गया। अपनी मांग पर अड़े किसान के बेटे ने विरोध दर्ज कराने के लिए निर्माणाधीन बिजली के टावर पर छलांग लगा दी और उस पर जा चढ़ा। आगरा जिले के फतेहाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत मौजा कुतकपुर गुर्जर में घटी इस अप्रत्याशित घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक को विशालकाय टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे।

​यह पूरा विवाद किसान राजन सिंह फौजी के खेत के मुख्य मार्ग से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक, संबंधित क्षेत्र में पावर ग्रिड निगम द्वारा बिजली का नया टावर स्थापित किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य की वजह से राजन सिंह के खेत तक जाने वाला पारंपरिक मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिससे किसान परिवार के सामने अपने ही खेत में आवाजाही का गंभीर संकट खड़ा हो गया।

एक दिन पहले बनी सहमति, फिर भी नहीं निकला रास्ता

​खेत की राह बंद होने से हलकान किसान ने इस बाबत किसान यूनियनों से संपर्क साधा था। इसके बाद गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) और फौजी संगठन के प्रतिनिधि इस समस्या के समाधान के लिए आगे आए थे। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने फतेहाबाद के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित किसान के लिए स्थायी मार्ग की व्यवस्था कराने का पुरजोर अनुरोध किया था। बताया जा रहा है कि गुरुवार को हुई वार्ता में अधिकारी रास्ता उपलब्ध कराने पर राजी हो गए थे। इससे पीड़ित परिवार को अपनी समस्या का हल निकलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अगले दिन धरातल पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया और रास्ता बंद ही रहा। लिखित व मौखिक सहमति के बाद भी राहत न मिलने से किसान परिवार का गुस्सा फूट पड़ा।

​11:45 बजे निर्माणाधीन टावर पर चढ़ा युवक

​शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे राजन सिंह फौजी का बेटा अचानक निर्माणाधीन बिजली के टावर पर चढ़ने लगा। युवक को ऊंचाई पर चढ़ते देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर सैंकड़ों लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना की खबर तुरंत स्थानीय थाना पुलिस और तहसील प्रशासन को दी गई। मामला गरमाते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा युवक को नीचे उतारने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए गए। युवक के इस कदम से मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

​किसान संगठनों की मांग-स्थायी रास्ते का हो इंतजाम

भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) और फौजी संगठन की स्पष्ट मांग है कि पीड़ित किसान को उसके खेत तक जाने का पक्का व स्थायी रास्ता तत्काल मुहैया कराया जाए। किसान परिवार का तर्क है कि बिजली टावर लगने से उनका पुराना रास्ता अवरुद्ध हो गया है, जिसके चलते खेती-किसानी और कृषि यंत्रों को खेत तक ले जाना पूरी तरह ठप हो गया है।

गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने और मार्ग निर्माण पर सहमति बनने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से यह स्थिति पैदा हुई। शुक्रवार को युवक के टावर पर चढ़ जाने से प्रशासन के सामने किसान की इस समस्या का स्थाई समाधान ढूंढने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

फिलहाल मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी बातचीत के जरिए स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि किसान परिवार केवल ज़बानी आश्वासन के बजाय मौके पर स्थायी रास्ते के पक्के इंतजाम की मांग पर अड़ा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh