आगरा में एसआईआर के विरोध में किसानों का जोरदार हंगामा: धक्कामुक्की में जमीन पर गिरे सिटी मजिस्ट्रेट, भाकियू जिलाध्यक्ष चोटिल

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में शुक्रवार को आयोजित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) और संयुक्त किसान मोर्चा का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। कलेक्ट्रेट कूच के दौरान प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इस घटनाक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार जमीन पर गिर पड़े, जबकि भाकियू के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के हाथ में चोट आई। बाद में स्थिति को संभालते हुए किसानों ने सुभाष पार्क के सामने सिटी मजिस्ट्रेट को अपना ज्ञापन सौंपा।

​तय समय पर अधिकारी न पहुंचने पर भड़का किसानों का गुस्सा

भाकियू नेताओं के अनुसार, प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से किसानों को सुबह 11:30 बजे जिलाधिकारी के आने और ज्ञापन स्वीकार करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, दोपहर 12 बजे तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से किसान आक्रोशित हो गए और उन्होंने कलेक्ट्रेट की ओर सीधे मार्च करने का निर्णय लिया।

विधान परिषद (MLC) चुनाव के मतदान को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल ने किसानों को थाना नाई की मंडी के पास रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों से वहीं ज्ञापन देने का अनुरोध किया। किसान अपनी मांग पर अड़े रहे कि वे जिलाधिकारी को ही ज्ञापन सौंपेंगे, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और धक्कामुक्की हो गई।

​एसआईआर रद्द करने और चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांग

किसानों ने अपने ज्ञापन के जरिए मांग उठाई कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए और मतदाता सूची से हटाए गए सभी पात्र नागरिकों के मतदान के अधिकार बहाल किए जाएं। इसके अतिरिक्त, किसानों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने तथा चुनाव सुधार प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले नागरिकों का कथित उत्पीड़न बंद कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

​405 किसानों के बिजली बिल और भूमि अधिग्रहण की शिकायतें

​राजनीतिक और चुनावी मुद्दों के अलावा किसान यूनियन ने स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया:
​बिजली बिलों में गड़बड़ी: टोरेंट पावर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 405 किसानों के बिजली बिलों में हुई भारी विसंगतियों को दूर करने की मांग की गई। साथ ही, खेती के महत्वपूर्ण सीजन में सिंचाई कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए किसानों के बिजली कनेक्शन न काटने का आग्रह किया गया।

​एत्मादपुर मदरा भूमि अधिग्रहण: किसानों ने एत्मादपुर मदरा में भूमि अधिग्रहण के मामलों में अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सर्किल रेट न बढ़ाए जाने के बावजूद किसानों की कीमती जमीनें पुरानी दरों पर अधिग्रहित की जा रही हैं। किसानों ने इस प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा और उचित मुआवजे की मांग की।

रात में ही कलेक्ट्रेट पहुंच गए थे जिलाध्यक्ष

भाकियू जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने बताया कि पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने की आशंका के चलते वे बृहस्पतिवार रात में ही कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए थे, जहाँ से बाद में उन्हें अन्य पदाधिकारियों के साथ थाना नाई की मंडी ले जाया गया।

इस प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर, प्रदेश सचिव ओम प्रकाश सिंह, द्वारिका प्रसाद यादव, अजय राज शास्त्री, वेद प्रकाश पचौरी, श्यामवीर सिंह चाहर और नत्थू सिंह धाकरे सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh