आगरा: ताजनगरी आगरा के प्रमुख मार्ग एमजी रोड (MG Road) पर भारतीय इतिहास के महान योद्धा, पराक्रम और शौर्य के प्रतीक महाराणा राणा सांगा की भव्य अश्वारोही प्रतिमा स्थापित किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। शहर के व्यस्त स्पीड कलर लैब तिराहे के पास (एचआईजी फ्लैट्स के सामने, शहीद स्मारक गेट के निकट पार्क में) स्थापित होने वाली इस विशाल प्रतिमा के निर्माण और स्थापना कार्य का विधिवत भूमि पूजन मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे संपन्न होगा। इस ऐतिहासिक पहल से एमजी रोड को एक नया सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आकर्षण प्राप्त होगा।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा 29 लाख रुपये आवंटित
भाजपा पार्षद शरद चौहान के प्रयासों और प्रस्ताव के क्रम में, उत्तर प्रदेश शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा महाराणा सांगा की इस भव्य कांस्य प्रतिमा के निर्माण के लिए 29 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। वर्तमान में इस विशाल प्रतिमा का निर्माण कार्य लखनऊ में तेजी से चल रहा है और इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। करीब 18 टन वजनी यह कांस्य प्रतिमा 12 फीट ऊंची होगी, जो घोड़े पर सवार वीर योद्धा के रूप में महाराणा सांगा के अदम्य साहस और ऐतिहासिक योगदान को जीवंत करेगी।
नगर निगम 16 लाख की लागत से तैयार करेगा भव्य फाउंडेशन
प्रतिमा की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगरा नगर निगम की ओर से भी विशेष तैयारियाँ की गई हैं। नगर निगम द्वारा प्रतिमा स्थल पर मजबूत और आकर्षक आधार (फाउंडेशन) तैयार करने के लिए 16 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस योजना के तहत एमजी रोड के किनारे स्थित बस स्टॉपेज की भूमि से लगभग 10 फीट ऊंचा फाउंडेशन तैयार किया जाएगा। इसके ऊपर उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेनाइट का भव्य चबूतरा बनाया जाएगा और उसके चारों ओर सुंदर स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। इस संरचना का निर्माण इस प्रकार किया जा रहा है कि एमजी रोड से गुजरने वाले प्रत्येक राहगीर और वाहन चालक को यह भव्य प्रतिमा दूर से ही स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।
महापौर हेमलता दिवाकर करेंगी भूमि पूजन
आगामी 17 नवंबर को आयोजित होने वाले इस गरिमामयी भूमि पूजन समारोह में आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विधिवत मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगी। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी सम्मानित पार्षदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में शहरवासियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
एमजी रोड को मिलेगी एक नई ऐतिहासिक पहचान
महाराणा राणा सांगा की इस प्रतिमा की स्थापना को आगरा के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। महाराणा सांगा भारतीय इतिहास के उन अमर शासकों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने अद्वितीय युद्ध कौशल, त्याग और देशभक्ति से देश की संस्कृति की रक्षा की। स्पीड कलर लैब तिराहे पर स्थापित होने वाली यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके महान बलिदान से अवगत कराएगी और एमजी रोड की खूबसूरती में चार चांद लगाएगी।
- एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का बड़ा कारनामा: डाउन सिंड्रोम से पीड़ित 4 वर्षीय मासूम की आहार नली से निकाली घंटीनुमा वस्तु - November 16, 2026
- आगरा में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आगाज: 15 से अधिक देशों की फिल्मों की होगी निःशुल्क स्क्रीनिंग - November 16, 2026
- हेल्प आगरा की आपातकालीन सेवाओं को मिली बड़ी मजबूती, जेके सीमेंट ने भेंट की आधुनिक एम्बुलेंस; सोलर प्लांट के लिए ₹5 लाख का आर्थिक सहयोग - November 16, 2026