आगरा: “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत आगरा में दो जागरूकता कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर, पिछले दो दिनों में कुल 250 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं तक जागरूकता पहुँचाई गई।
इन कार्यक्रमों का नेतृत्व समाजसेविका सुश्री ज्योति सिंह (ज्योति दीदी) ने किया, जिन्हें महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में पिछले एक दशक से अधिक समय से उनके निरंतर और समर्पित कार्यों के लिए जाना जाता है।
कार्यक्रम नई बस्ती (बालूगंज) और नगला परसोती (बगीची), आगरा में आयोजित किए गए, जहाँ दलित एवं वंचित समुदायों से जुड़ी महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर खुलकर संवाद किया।
सत्रों में महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण और सरकारी योजनाओं से जुड़ाव के बारे में जानकारी दी गई। वहीं बालिकाओं के लिए आत्मविश्वास, शारीरिक बदलाव और पोषण जैसे विषयों पर विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि वे अपने स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर अधिक जागरूक और आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर ज्योति दीदी ने कहा:
“महिला का स्वास्थ्य ही परिवार और समाज की असली ताकत है। यदि नारी स्वस्थ है तो पूरा परिवार सशक्त और खुशहाल बनता है। दुर्भाग्यवश आज भी अनेक महिलाएँ अपनी समस्याओं को दबा देती हैं। हमारा प्रयास है कि हम उन्हें सही जानकारी, मार्गदर्शन और सहयोग दें, ताकि वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और परिवार को भी मजबूत बना सकें।”
सत्रों से यह स्पष्ट संदेश गया कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त नारी है” और नारी स्वास्थ्य की उपेक्षा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सबसे बड़ी बाधा है।
कार्यक्रम की सफलता में आफताब, अंजली, स्वाति, ललिता, पूजा, अनीता, दीपिका और साधना सहित पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सुश्री ज्योति सिंह ने इस अभियान को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी और जनकल्याणकारी सोच को समर्पित करते हुए कहा:
“‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ केवल एक योजना नहीं, बल्कि हर घर की आवश्यकता है। मैं प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व को हृदय से नमन करती हूँ और उनके अथक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करती हूँ, जिनसे देश की महिलाओं और परिवारों के जीवन में नई ऊर्जा और नई दिशा मिल रही है।”
अंत में उन्होंने मीडिया और समाज से अपील की कि इस अभियान को व्यापक समर्थन दें, ताकि इसका लाभ हर जरूरतमंद महिला और परिवार तक पहुँच सके।
रिपोर्टर- पुष्पेन्द्र गोस्वामी
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026