लखनऊ। लोकसभा चुनाव के बाद आचार संहिता हटते ही यूपी की योगी सरकार सुपर एक्शन मोड में नजर आ रही है। बुलडोजर एक्शन के साथ ही ताबड़तोड़ पुलिस एनकाउंटर से अपराधियों और लैंड माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। चुनाव परिणाम आने के बाद से बुधवार सुबह तक पुलिस ने कुल 22 एनकाउंटर किये हैं। इनमें दो इनामी बदमाश ढेर हुए हैं, जबकि 20 से अधिक अपराधी ऑपरेशन लंगड़ा के तहत गिरफ्तार किए गए हैं।
वहीं बुलडोजर एक्शन की बात करें तो अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई में तेजी आई है। 4 जून के बाद से अब तक 4 बड़े बुलडोजर एक्शन हुए हैं। इनमे से लखनऊ के अकबरनगर में अवैध रूप से बसाई गई कॉलोनी के खिलाफ आज भी बुलडोजर एक्शन जारी है। इसके अलावा उन्नाव, प्रयागराज आगरा में भी अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की गई है।
यूपी के 13 जिलों में अब तक 22 एनकाउंटर
पुलिस मुख्यालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक जौनपुर और मुजफ्फरनगर में एक-एक इनामी बदमाश ढेर हुए हैं। जौनपुर में 5 जून को एक लाख का इनामी प्रशांत सिंह उर्फ़ प्रिंस मार गिराया गया। वह सात सालों से फरार चल रहा था। इसके अगले ही दिन मुजफ्फरनगर में भी एक एनकाउंटर हुआ, जिसमें बिहार का कुख्यात बदमाश और दो लाख रुपए का इनामी नीलेश राय ढेर हो गया। चुनाव परिणाम आने के बाद से यूपी के 13 जिलों में अब तक 22 एनकाउंटर हुए हैं। इनमे 20 से अधिक अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं।
इन जिलों में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’
5 जून को ही अंबेडकरनगर में दो गो तस्कर गोली लगने घायल हुए। इसी दिन मेरठ में भी होमगार्ड से लूटपाट करने वाले दो लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों के पैर में गोली लगी। बिजनौर में भी पांच जून को प्रॉपर्टी डीलर के हत्यारे से पुलिस की मुठभेड़ हुई और पैर में गोली लगने से घायल हो गया। शामिल में भी पशु तस्करों से मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ। गाजियाबाद में भी 5 और 6 जून को हुए एनकाउंटर में दो बदमाश घायल हो गए। बरेली में भी एक अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ। 6 जून को मेरठ, अलीगढ़, रामपुर, जालौन और सीतापुर में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत एक-एक अपराधी पकड़े गए।
7 जून को मुजफ्फरनगर में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हुए। इसी दिन लखनऊ और जालौन में हुई मुठभेड़ में भी एक-एक अपराधी को पैर में गोली लगी। 8 जून को कानपुर और मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत तीन अपराधी अरेस्ट हुए। 10 जून को फर्रुखाबाद में पुलिस सिपाही को रौंदकर मारने वाले दो आरोपियों का हाफ एनकाउंटर हुआ। 11 जून को रामपुर, मेरठ और अयोध्या में एक-एक अपराधी घायल हुआ है। 12 जून को कौशाम्बी और बाराबंकी में एक-एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026